गोण्डा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नवाबगंज क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया।
नवाबगंज थाने में थानाध्यक्ष अभय सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को देशप्रेम, अनुशासन, एकता और अखंडता का संदेश देते हुए शपथ दिलाई तथा स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के वीर पराक्रम को याद किया। साधन सहकारी समिति पर मनकापुर विधायक प्रतिनिधि वेद प्रकाश दूबे ने ध्वजारोहण किया। वहीं सीएचसी नवाबगंज में अधीक्षक डॉ. राम मोहन सिंह ने तिरंगा फहराया तथा पांच टीबी मरीजो को पोषण पोटली देकर मनाया ।श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाए। एनसीसी कैडेटों ने अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन कर लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई।
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। नवाबगंज नगरपालिका कार्यालय में मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी सर्वेश शुक्ला समेत पालिका कर्मी मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। ब्यौदामाझा में प्रधान केशवराम यादव, दत्तनगर में राजाराम यादव, चकशिवरहा में नवी अहमद, दौलतपुर में केके यादव, नरेंद्रपुर में अजय चौहान, नवाबगंज गिर्द में डॉ. संजय दुबे, महेपुर में विष्णु कुमार गौतम, दुर्गागंज में राधेश्याम यादव रघ्घू, लोलपुर में गौरव सिंह, गौरिया में रंजीत मौर्य, पर्वती में संजय मौर्य, हरिवंशपुर में दुर्गेश कुमार पांडेय, परसापुर थनवा में गुल्ली, सूरजापुर में रज्जन पांडेय और हरदवा में धनीराम महादेवा मे शोभाराम सहित विभिन्न स्थानों पर ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों ने ध्वजारोहण किया।मौके पर डा देवेंद्र सिंह, डा विनयेश त्रिपाठी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
सुबह से ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में देशभक्ति का माहौल बना रहा। तिरंगे और भारत माता के जयघोष के बीच लोगों ने स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया।

