ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
गोण्डा- करनैलगंज। तहसील क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी कार्यालयों से लेकर निजी संस्थानों तक ध्वजारोहण किया गया। स्कूल-कॉलेजों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन हुए। जगह-जगह भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। तहसील परिसर में एसडीएम कुमार सत्यम जीत, कोतवाली में सीओ आनंद राय, नगर पालिका में चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल, ब्लॉक में बीडीओ सुशील पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया। कन्हैया लाल इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मेजर राजाराम, सरयू डिग्री कॉलेज में प्राचार्य डॉ. आरबी सिंह तथा आदि शक्ति माता भवानी मंदिर चौक घंटाघर पर शिवानंद जायसवाल व रामजीलाल मोदनवाल ने तिरंगा फहराया। नगर के दयानंद बाल मंदिर, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, पीएस मेमोरियल इंटर कॉलेज, एसएन सिंह लक्ष्य इंटर कॉलेज, कन्हैया लाल इंटर कॉलेज और स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
विशाल तिरंगा यात्रा में दिखा देशप्रेम
करनैलगंज : स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायत गोनवा में प्रधान राकेश कुमार मिश्रा एवं प्रधान प्रतिनिधि पिंटू मिश्रा के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत बरवलिया तालुकदारी के भिम्भापुरवा स्थित विद्यालय से हुई। विभिन्न विद्यालयों से होते हुए यात्रा पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में निकली और ग्राम पंचायत सचिवालय पहुंचकर संपन्न हुई। युवाओं के साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान कोतवाल नरेंद्र राय मौजूद रहे। वहीं नगर में पूर्व चेयरमैन शमीम अहमद अच्छन के नेतृत्व में 80 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारत टॉवर से शुरू हुई यात्रा तहसील रोड होते हुए चौक घंटाघर पहुंची, जहां संबोधन के बाद इसका समापन हुआ। विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। फहीम अहमद पप्पू, खुर्शीद अहमद, जावेद अहमद समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

