गोण्डा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दो मोटरसाइकिल चोरी होने के मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला गुरुपुरवा परसा गोडरी निवासी शिववरदान ओझा का है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 जुलाई की दोपहर लखनऊ रोड स्थित मैजापुर मोड़ के पास खेत के सामने खड़ी उनकी पल्सर बाइक कुछ ही मिनटों में गायब हो गई। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। दूसरा मामला नगर के सदर बाजार निवासी एवं पालिका बाजार स्थित सुपीरियर डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक शकील अहमद खां का है। उनके अनुसार 5 जुलाई को दोपहर में सेंटर के बाहर खड़ी एचएफ डीलक्स बाइक अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। दोनों पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों मामलों की विवेचना की जा रही है और चोरी गई मोटरसाइकिलों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।

