गोण्डा। शनिवार को जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण और आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने तहसील तरबगंज पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायती प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि फरियादियों को थाने और तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी शिकायतों का समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जमीन विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, सड़क, बिजली और पानी से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव था, उनका निस्तारण कराया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिए गए। इस अवसर पर तहसील के उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

