करनैलगंज-गोण्डा। खरीफ सीजन के बीच किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के विपरीत ग्राम चचरी स्थित साधन सहकारी समिति विवियापुर गोसाईं पिछले करीब छह माह से बंद पड़ी है। पुलिस चौकी के सामने स्थित समिति पर लगातार ताला लटका होने से क्षेत्र के किसानों को खाद और अन्य कृषि सामग्री के लिए दूसरे केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में समिति बंद रहने से उन्हें कई किलोमीटर दूर जाकर खाद खरीदनी पड़ रही है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। ग्रामीण सुनील सिंह, रवि, विष्णु प्रताप, विवेक, कल्लू, शोभावती, सीमा, रुचि, प्रिया गुप्ता तथा प्रशासक कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पहले समिति का संचालन सचिव महेंद्र सिंह करते थे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद न तो नए सचिव की तैनाती हुई और न ही समिति का नियमित संचालन शुरू हो सका।
किसानों ने मांग की है कि समिति को जल्द संचालित कराया जाए, नियमित सचिव की नियुक्ति की जाए और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई और देखभाल प्रभावित न हो।
जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी। यदि समिति लंबे समय से बंद पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

