-सुसाइड डायरी में तीन लोगों को ठहराया मौत का जिम्मेदार, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच।
गोण्डा। खरगूपुर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव में कथित प्रताड़ना और फर्जी मुकदमों से परेशान एक किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की ओर से छोड़ी गई डायरी में तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया गया है। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक किसान की पहचान विनोद के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि विनोद लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जा रहे थे और उन पर फर्जी मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। इसी मानसिक तनाव से तंग आकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सामने आई सुसाइड डायरी में किसान ने स्पष्ट रूप से तीन लोगों के नाम लिखते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। डायरी मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।
किसान की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड डायरी सहित सभी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

