गोण्डा। अयोध्या-गोंडा मार्ग पर शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना क्षेत्र के दत्तनगर गांव निवासी भरत लाल यादव (27) शनिवार दोपहर गांव के रंजीत के साथ बाइक से अयोध्या जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अयोध्या-गोंडा मार्ग पर कनकपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भरत लाल सड़क पर गिरकर बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बाइक पर पीछे बैठे रंजीत को मामूली चोटें आईं।सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अयोध्या मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भरत लाल की शादी हो चुकी थी, लेकिन अभी उनकी कोई संतान नहीं थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता शिवकुमार, मां गुड्डन देवी और पत्नी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक भरतलाल यादव दत्तनगर गांव के प्रधान राजाराम यादव के भतीजे थे।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

