करनैलगंज-गोण्डा। क्षेत्र के ग्राम परसौली में शनिवार को प्रधानमंत्री प्रणाम योजना के तहत किसान संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य और संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से खेती को अधिक लाभकारी बनाने संबंधी जानकारी प्राप्त की।
नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड (एनएफएल) के जिला प्रभारी अनिरुद्ध प्रिये ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता बनाए रखना भी आवश्यक है। इसके लिए रासायनिक उर्वरकों का आवश्यकता और वैज्ञानिक अनुशंसा के अनुसार ही उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों को नई तकनीकों को अपनाने और संसाधनों का संतुलित प्रयोग करने की सलाह दी।
कृषि विकास अधिकारी शिवमोहन वर्मा ने विभिन्न फसलों के लिए उर्वरक प्रबंधन, जैविक एवं रासायनिक खाद के समन्वित उपयोग तथा मृदा परीक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से लागत कम होती है और उत्पादन में वृद्धि होती है।
संगोष्ठी के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और जिज्ञासाएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर समाधान किया गया। कार्यक्रम में डीलर परमानंद जायसवाल, मंजू, विजय कुमार, राम सहारे, विक्रम, राम भरोसे, सुखलाल, राम चंदर सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।

