करनैलगंज-गोण्डा। मसौलिया गांव में सर्पदंश से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय अनिल कुमार दीक्षित के रूप में हुई है। वह अपने केले के खेत की रखवाली करने के लिए गए थे। खेत में बने टीनशेड के कमरे में आराम करते समय अचानक एक सांप ने उनके कान पर डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई अवधेश कुमार दीक्षित ने बताया कि अनिल खेत की रखवाली के दौरान कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहे थे। इसी बीच सांप ने कान पर काट लिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर भंभुआ चौकी प्रभारी मृत्युंजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सर्पदंश से मृत्यु का है। पोस्टमार्टम कराया गया है और नियमानुसार संबंधित अधिकारियों को सूचना भेज दी गई है।

