-नेहा मिश्रा की सौगात से लोगों को मिलेगी निजात
करनैलगंज-गोण्डा। तहसील परिसर के विस्तार की योजना अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। लंबे समय से तहसील भवन की तीसरी मंजिल पर संचालित उप निबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय को जल्द ही नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था और खतौनी कार्यालय के लिए भी अलग भवन बनाए जाने की तैयारी है।
तहसील भवन के समीप स्थित लगभग 65 बीघा नजूल भूमि कई वर्षों से अवैध कब्जे में थी। चार माह पूर्व तत्कालीन उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग ने अभियान चलाकर बुलडोजर की कार्रवाई की थी। इस दौरान अवैध निर्माण हटाए गए और कब्जाधारियों द्वारा की जा रही खेती भी समाप्त कराकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
भूमि खाली होने के बाद राजस्व विभाग और नगर पालिका के बीच आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इनमें से पांच बीघा भूमि तहसील परिसर के विस्तार के लिए सुरक्षित कर दी गई। स्थानांतरण से पूर्व तत्कालीन एसडीएम नेहा मिश्रा ने इसी स्थल पर भूमि पूजन कर विस्तार कार्य की औपचारिक शुरुआत भी की थी।
स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार सबसे पहले उप निबंधक कार्यालय का नया भवन बनाया जाएगा, जिससे वर्तमान में तीसरी मंजिल पर संचालित रजिस्ट्री कार्यालय को नई जगह स्थानांतरित किया जा सके। इसके अलावा अधिवक्ताओं के लिए अलग चैंबर और खतौनी कार्यालय का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिससे तहसील परिसर में आने वाले वादकारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्टाम्प आयुक्त कृपा शंकर ने बताया कि उप निबंधक कार्यालय के लिए भूमि आवंटित कर दी गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा प्रस्ताव को अनुमोदित किए जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

