गोण्डा। करनैलगंज तहसील में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। करीब डेढ़ माह पूर्व तहसीलदार के रूप में तैनात किए गए राहुल सिंह का स्थानांतरण शामली जनपद होने के बाद उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर नायब तहसीलदार अतुल कुमार पाल को प्रभारी तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राहुल सिंह ने मई माह में करनैलगंज तहसीलदार का कार्यभार संभाला था। इससे पहले यह पद करीब ढाई वर्ष तक नियमित रूप से रिक्त रहा और नायब तहसीलदार ही प्रभारी के रूप में कार्य देखते रहे। अब उनके स्थानांतरण के बाद एक बार फिर वही व्यवस्था लागू कर दी गई है।
तहसील में अल्प अवधि में हुए इस बदलाव को लेकर अधिवक्ताओं और आम वादकारियों के बीच चर्चा बनी हुई है। उनका कहना है कि नियमित तहसीलदार के बार-बार बदलने से राजस्व मामलों के निस्तारण की गति प्रभावित होती है और प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता भी प्रभावित होती है।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार राहुल सिंह के स्थानांतरण के बाद उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है तथा नायब तहसीलदार अतुल कुमार पाल को अग्रिम आदेश तक प्रभारी तहसीलदार का दायित्व सौंपा गया है।

