गोण्डा। पूर्वोत्तर रेलवे के गेट संख्या 231 पर बने रेलवे अंडरपास, निकट रेलवे स्टेशन स्वामीनारायण छपिया में बारिश के बाद भारी जलभराव हो गया है। जलभराव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को मौके पर देखा गया कि अंडरपास के अंदर काफी ऊंचाई तक गंदा पानी और कीचड़ भरा हुआ है। दीवारों पर पानी के निशान ऊपर तक हैं, जिससे स्पष्ट है कि जलस्तर पहले और भी अधिक था। टिन शेड वाले इस अंडरपास से गुजरने वाले बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को गिरने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होते ही यहां पानी भर जाता है। जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या बनी रहती है। अंडरपास से रोजाना सैकड़ों लोग स्टेशन और आसपास के गांवों में आते-जाते हैं।
राहगीरों ने पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि अंडरपास में पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को इस समस्या से निजात मिल सके।

