-योगी सरकार का फैसला- इटावा-बरेली-लखनऊ से आए अधिकारी संभालेंगे जिम्मा
गोण्डा। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए रविवार की देर रात 182 पीसीएस अधिकारियों की तैनाती में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। इसी क्रम में गोंडा जिले में भी बड़ा बदलाव हुआ है। कर्नलगंज की तेजतर्रार व चर्चित एसडीएम नेहा मिश्रा सहित जिले के 4 पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है, वहीं 3 नए अधिकारियों को गोंडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह तबादला प्रशासनिक सुगमता और बेहतर कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार नेहा मिश्रा कर्नलगंज एसडीएम को आजमगढ़ एसडीएम, विश्वामित्र सिंह गोंडा एसडीएम को सिद्धार्थनगर एसडीएम, विशाल कुमार को गोंडा से सोनभद्र एसडीएम, अवनीश त्रिपाठी मनकापुर एसडीएम को महाराजगंज एसडीएम बनाया गया है। गोंडा में अब 3 नए अधिकारी सविता शुक्ला अब तक लखनऊ में सहायक निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय को गोंडा एसडीएम, कुमार सत्यमजीत आरआर 2021 बैच, इटावा एसडीएम को गोंडा एसडीएम, उदित पंवार आरआर 2021 बैच, बरेली एसडीएम को गोंडा में एसडीएम तैनात किया गया हैं। तीनों अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्नलगंज, मनकापुर और तरबगंज को नई उम्मीद
गोंडा जिले की कर्नलगंज तहसील और हलधरमऊ, मनकापुर, तरबगंज जैसे विकासखंडों में सड़क, राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामले लंबित हैं। कर्नलगंज की चर्चित एसडीएम नेहा मिश्रा के तबादले के बाद अब नए अधिकारियों से ग्रामीणों को काफी उम्मीदें हैं कि जनसमस्याओं का निस्तारण तेज होगा।
जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि "नए एसडीएम के आते ही प्राथमिकता के आधार पर फील्ड विजिट कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।"

