गोण्डा । जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन गोण्डा में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योगाभ्यास कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के महत्व, उसके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों ने स्वास्थ्यवर्धक जीवन के प्रति जागरूकता प्राप्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के निर्देशन में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन गोण्डा परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस लाइन के विभिन्न स्थलों पर सफाई कार्य किया तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। योग जहां व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाता है, वहीं स्वच्छता स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने सभी से नियमित योग करने एवं अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ किया गया।

