गोण्डा । भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन को प्रदान की गई।
समापन कार्यक्रम में भाजपा के महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक रंजीत बाबा, सभासद मनीष द्विवेदी, सभासद रामगोपाल साहू, भाजपा युवा नेता अवधेश कुमार तिवारी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रिंस चौरसिया तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नगर अध्यक्ष दिनेश प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आमजन से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रदर्शनी के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन के साथ ही तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक समापन घोषित किया गया।

