गोण्डा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मोतीगंज थाना क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। थाना अध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता की अगुवाई में मोतीगंज रेलवे स्टेशन से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा मोतीगंज बाजार और पीपल तिराहा होते हुए पूरे क्षेत्र में देशभक्ति के नारों के साथ गुजरी।यात्रा में पुलिसकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और युवा हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने आमजन के साथ पैदल चलकर तिरंगा लहराया और देश की एकता व अखंडता का संदेश दिया। एसपी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है और इसे हर घर तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। थाना अध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे जनपद में पुलिस द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और आम जनता में देशभक्ति की भावना को बढ़ाना है। वहीं जनपद के सभी थाना अध्यक्षों, थाना प्रभारी और निरीक्षकों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हर थाने से निकली यात्रा में पुलिसकर्मियों ने आम जनता के साथ मिलकर तिरंगा यात्रा में भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

