गोण्डा। थाना क्षेत्र के रामापुर डिहवा गांव निवासी 18 वर्षीय प्रिंस शर्मा का शव बृहस्पतिवार तड़के चमनगंज चौराहे के पास सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर और पीठ पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की मां ने गांव के ही दो युवकों पर बेटे को घर से बुलाकर ले जाने और हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मृतक की मां पूनम शर्मा के मुताबिक, बुधवार शाम करीब छह बजे गांव के कुलदीप पाठक और विकास पाठक प्रिंस को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। देर रात करीब 11 बजे तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर फोन किया। फोन कुलदीप पाठक ने उठाया और मोटरसाइकिल पंचर होने की बात कहते हुए दूसरी बाइक से प्रिंस को घर पहुंचाने की बात कही। इसके बावजूद प्रिंस घर नहीं पहुंचा।
बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे गांव के दो लोगों ने परिजनों को चमनगंज चौराहे के पास सड़क किनारे प्रिंस का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखे और हत्या की आशंका जताई।
बहन बोली- हमारा इकलौता भाई था, अब राखी किसे बांधूंगी
मृतक की बहन ने भावुक होते हुए बताया कि गांव के दो युवक उसके भाई को घर से बुलाकर ले गए थे। अगले दिन सुबह भाई की मौत की सूचना मिली। बहन ने कहा कि प्रिंस उनका इकलौता भाई था। अब वह रक्षाबंधन पर राखी किसे बांधेगी। बहन के इस बयान से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना की आशंका
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत सड़क दुर्घटना में होने की बात सामने आई है। वहीं, मृतक की मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जिन दो युवकों पर आरोप लगाया गया है, उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं और दोनों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुलदीप पाठक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस हत्या के आरोप, दुर्घटना की आशंका और दोनों घायल युवकों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इकलौते भाई की मौत से टूटा बहन का सहारा
प्रिंस शर्मा अपने परिवार का इकलौता बेटा था। भाई की मौत की खबर सुनकर बहन और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन का कहना है कि जिसे वह राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लेती थी, अब वही भाई उसके बीच नहीं रहा। परिवार के लिए प्रिंस की मौत ने ऐसा दर्द दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मामले में परिजन पुलिस से निष्पक्ष जांच और घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

