-विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप, 50 छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।
गोण्डा। गौरा विधानसभा के छपिया मंडल में बुधवार को हर-घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा यात्रा के दौरान भीषण गर्मी और तेज धूप से बेहोश हुई छात्राओं की गुरुवार को विद्यालय में दोबारा स्वास्थ्य जांच की गई। सीएचसी छपिया प्रभारी डॉ. अमित के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरपी इंटर कॉलेज मंडफ में कैंप लगाकर कुल 50 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में सभी छात्राओं की हालत सामान्य पाई गई।
बुधवार को आरपी इंटर कॉलेज मंडफ से पिकौरा तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल 45 छात्राएं तेज धूप और गर्मी के कारण गश खाकर गिर पड़ी थीं। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बेहोश होने से यात्रा में अफरातफरी मच गई थी। आनन-फानन में एंबुलेंस के साथ निजी वाहनों से छात्राओं को सीएचसी छपिया पहुंचाया गया। संख्या अधिक होने पर बभनान पीएचसी से भी स्वास्थ्य टीम बुलानी पड़ी थी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित के अनुसार छात्राओं में डिहाइड्रेशन, पेट दर्द, बेचैनी और शरीर में पानी की कमी के लक्षण मिले थे। उपचार के दौरान ड्रिप चढ़ाकर उनकी स्थिति नियंत्रित की गई थी। हालत सामान्य होने पर सभी छात्राओं को घर भेज दिया गया था।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को प्रभावित छात्राओं के साथ अन्य छात्राओं की भी जांच की। जांच के बाद सभी का स्वास्थ्य सामान्य मिलने पर विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।

