गोण्डा। शहर के रोज़वुड इण्टरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्या एवं अध्यापिकाओं द्वारा सावन महोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सावन की पारंपरिक संस्कृति और उमंग को जीवंत करते हुए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेल एवं गतिविधियाँ आयोजित की गईं।इस अवसर पर रोज़वुड इण्टर कॉलेज एवं रोज़वुड इण्टरनेशनल स्कूल की अध्यापिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिवार में आपसी प्रेम, सौहार्द, सहयोग एवं सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना रहा।
प्रधानाचार्या सरिता पाण्डेय एवं रिम्पी मैम ने कहा कि सावन केवल प्रकृति के सौंदर्य और हरियाली का पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी खुशियों, उमंग और एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से विद्यालय परिवार में अपनापन बढ़ता है और सभी को तनावमुक्त वातावरण में एक-दूसरे के साथ आनंदपूर्वक समय बिताने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रबन्धक अमित पाण्डेय एवं जया पाण्डेय ने सभी को सावन महोत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराएँ हमें प्रेम, सौहार्द और खुशियों के साथ मिल-जुलकर आगे बढ़ने का संदेश देती हैं।

