गोण्डा। बिस्तर पर सोने गई 48 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उसे अयोध्या के श्रीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के माझा राठ गांव निवासी यशोदा 48 रविवार रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद अपने बिस्तर पर सोने गई थी। परिजनों के मुताबिक, बिस्तर पर पहुंचते ही उसे जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के डसने की जानकारी होते ही घर में अफरातफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे लेकर अयोध्या स्थित श्रीराम अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।गांव के पूर्व प्रधान दुर्गा प्रसाद यादव ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार तड़के करीब तीन बजे यशोदा ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया।यशोदा के पति राजू मजदूरी करते हैं। उनके दो बेटे मोहित (26), रोहित (24) और पांच बेटियां रोशनी 22, सुहानी 20, चांदनी 18, नैंसी 11, साल की है।अभी किसी भी बेटे-बेटी की शादी नहीं हुई है। अचानक हुई मौत से पति राजू, दोनों बेटों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि महिला की सांप के डसने से मौत होने की जानकारी पुलिस को नहीं मिली है।

