करनैलगंज-गोण्डा। कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा कमालपुर गांव में बृहस्पतिवार को जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में पीड़िता रजनी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तहरीर के अनुसार उसकी बेटी रोशनी विद्यालय से घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव के ही विनोद कुमार, संजना, गुड़िया और माधुरी ने उसे गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपितों ने फरसा, धारदार हथियार और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में रजनी की देवरानी प्रियंका गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रियंका की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज किया है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है।

