-जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत का तत्काल निस्तारण, शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराई गई खतौनी।
गोण्डा । जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आयोजित कलेक्ट्रेट जनता दर्शन में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम बगुलही, तहसील सदर, जनपद गोण्डा निवासी हजारी लाल पुत्र जोखू ने जनता दर्शन में उपस्थित होकर अपने हिस्से की भूमि का अंश निर्धारण न होने संबंधी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। शिकायतकर्ता ने बताया कि अंश निर्धारण न होने के कारण उन्हें विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा आवश्यक राजस्व अभिलेख भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने तत्काल संबंधित राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए अंश निर्धारण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा शिकायतकर्ता को अद्यतन खतौनी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के स्पष्ट एवं प्रभावी निर्देशों के अनुपालन में तहसील सदर प्रशासन ने बिना विलंब आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूर्ण कर शिकायतकर्ता की भूमि का अंश निर्धारण कराया।
कार्रवाई पूर्ण होने के उपरांत जनता दर्शन के दौरान स्वयं जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता हजारी लाल को उनकी अद्यतन खतौनी उपलब्ध कराई। अपनी समस्या का त्वरित समाधान होने पर शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी एवं तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय एवं राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

