गोण्डा। गांधी पार्क में प्रतिदिन आयोजित होने वाली बच्चों की नियमित योग कक्षा में बड़ी संख्या में बालक एवं बालिकाएँ उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि योगाभ्यास के दौरान बच्चों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है।
योग प्रशिक्षक आशीष गुप्ता द्वारा बच्चों को नियमित रूप से योगाभ्यास करवाया जाता है। इसी क्रम में योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा एकाग्रता में वृद्धि होती है। साथ ही अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। योग कक्षा का उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है।
अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों के स्वास्थ्य, पढ़ाई में ध्यान और आत्मविश्वास में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
योग प्रशिक्षक आशीष गुप्ता ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन गांधी पार्क में आयोजित इस योग कक्षा से जोड़ें, ताकि वे स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारित जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। योग को बच्चों में स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम माना जाता है।
कार्यक्रम में अनिका, अपर्णा, खुशी,श्रीम, दित्य, अन्विती, अक्षिता, काव्या, शगुन, नरगिस,अनुष्का, कनिष्क, ऋषित, शिवा, आदर्श, प्रज्वल, कृष्णा, अंश, दिव्यम, जिगर, अभिराज, आदि उपस्थित रहे।

