-पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में दर्ज की एफआईआर।
गोण्डा । कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में एक अनुसूचित जाति की युवती से छेड़खानी, जाति सूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली कर्नलगंज अन्तर्गत एक गांव की निवासिनी युवती ने तहरीर में बताया कि 22 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी बहनों के साथ बाजार से घर लौट रही थी। रेलवे क्रासिंग पार करने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़ी, उसी समय ग्राम सोनवार निवासी समीर बाइक से वहां पहुंचा। आरोप है कि समीर ने बाइक खड़ी कर युवती के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपी भड़क गया और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मां-बहन की गालियां देने लगा। इतना ही नहीं, उसने कहा कि "घर से उठा ले जाएंगे" और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी समीर के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 79, 351(2) और एससी एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल और 164 के बयान कराए जाएंगे। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

