गोण्डा। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को विकास खंड छपिया क्षेत्र में यूरिया खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने बी पैक्स वीरापुर , किसान खाद भंडार तेजपुर तथा एग्री क्लिनिक एंड एग्री बिजनेस सेंटर भोपतपुर पहुंचकर खाद भंडारण, स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराए जाने की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों के हक की खाद पर किसी भी प्रकार की जमाखोरी, कालाबाजारी या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता के अनुसार किसानों को समय पर, पर्याप्त मात्रा में और निर्धारित सरकारी मूल्य पर ही यूरिया उपलब्ध कराई जाए।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद की कृत्रिम कमी पैदा करने, स्टॉक छिपाने या अधिक कीमत वसूलने वालों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह व प्रभारी बीज गोदाम मनोज यादव गोंडा तथा उप जिलाधिकारी मनकापुर उदित पवार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को क्षेत्र में खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खाद वितरण में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

