गोण्डा। जनपद में पति और बच्चे सहित तेरहवीं में शामिल होने मायके पहुंची युवती बेटे हादसे की शिकार हो गई। तेज रफ्तार से आए ट्रक ने घर पर बैठे हुए मां बेटे को रौंद दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना से नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर नाराजगी जाहिर की, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 24 जुलाई की रात कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्य नगर चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक के चपेट में आने से कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 12 गंगादीन पुरवा की रहने वाली 26 वर्षीय रीता देवी जायसवाल उर्फ खुशबू पत्नी हरिओम जायसवाल तथा उनके 11 वर्षीय पुत्र लकी जायसवाल की दर्दनाक मौत हो गई। जिससे नाराज हुए परिजनों व स्थानीय लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। घटना की जानकारी से पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आर्य नगर चौकी क्षेत्र की रहने वाली सरोज देवी की बीते दिनों मौत हो गई थी। मां के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए खुशबू अपने पति हरि ओम और बेटे लकी के साथ मायके आई थी। रात के लगभग 12 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के उपरांत वह अपने पति बेटे के साथ घर के दरवाजे पर बैठी हुई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए ट्रक और हुंडई कार में टक्कर हुई, तभी अनियंत्रित हुए ट्रक के चपेट में मासूम आ गया, उसे बचाने के चक्कर में मां भी चपेट में आ गई। जिससे मां बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, लोगों का कहना है कि इस परिवार पर एक के बाद एक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां की मौत के अभी 13 दिन हुए थे कि हादसे में अपने बेटे के साथ बेटी भी चल पड़ी।
मृतका के पति हरिओम जायसवाल पुत्र तुलसी जायसवाल ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि ट्रक चालक लापरवाही पूर्वक ट्रक चलाते हुए आया, इस दौरान मैं अपनी पत्नी और बेटे के साथ ससुराल में घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था, तभी ट्रक ने बेटे और पत्नी को रौंद दिया, इस दौरान हमने मौके से कूद कर अपनी जान बचा ली। जबकि बेटा ट्रक में फंसकर 50 मीटर तक घसीटता रहा। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
कौड़िया थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही की जा रही है। मौके से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में ले लिया गया है।

