गोण्डा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस लाइन सभागार में आयोजित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 14–15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा गया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। समय पर टीकाकरण कराकर इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे 14–15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं का समय से निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों द्वारा एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय एवं टीकाकरण के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उपस्थित जनों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

