-पाक्सो एक्ट व छेड़खानी में मुकदमा दर्ज, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
गोण्डा। जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में आधी रात नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को परिजनों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। गुस्साए परिजनों ने प्रेमी समेत उसके दो दोस्तों को गन्ने के खेत में पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। तीनों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
19 जून की रात 11 बजे की बताई जाती है घटना
मिली जानकारी के मुताबिक घटना 19 जून की रात करीब 11 बजे की है। धानेपुर थाना क्षेत्र के उज्जैनी कला शेखपुरवा निवासी महफूज अपनी नाबालिग प्रेमिका से मिलने दो दोस्तों के साथ मोतीगंज थाना क्षेत्र स्थित उसके गांव पहुंचा था। घर से करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में दोनों मिल रहे थे, तभी लड़की के परिजनों ने उन्हें देख लिया।
खेत में पकड़कर की जमकर पिटाई
परिजनों ने प्रेमी-प्रेमिका को खेत से बाहर निकाला और पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि महफूज ने अपने दोनों दोस्तों को बचाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने तीनों को जमीन पर बैठाकर पीटा।
वायरल वीडियो में माफी मांगते दिखे युवक
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी महफूज और उसके दोनों दोस्त जमीन पर बैठे हुए परिजनों से हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया।
पाक्सो व छेड़खानी में मुकदमा दर्ज
नाबालिग लड़की के पिता की तहरीर पर मोतीगंज पुलिस ने आरोपी महफूज के खिलाफ छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

