-बालक व बुजुर्ग महिला घायल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी फुंके
नवाबगंज-गोण्डा। तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से क्षेत्र के कल्याणपुर के राम निहोर पुरवा में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छत में दरारें पड़ गईं, जबकि छत का मलबा गिरने से आठ वर्षीय बालक और एक बुजुर्ग महिला घायल हो गए। साथ ही घर में लगे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल गए।
पीड़ित रामतीरथ यादव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे उनका पूरा परिवार घर के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली उनके मकान की छत पर गिर गई। बिजली गिरते ही छत में दरारें पड़ गईं और ईंट व गिट्टी के टुकड़े नीचे आ गिरे। इसकी चपेट में आने से उनका आठ वर्षीय पुत्र उत्कर्ष यादव तथा उनकी मां सुमित्रा देवी घायल हो गईं।हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। बिजली गिरने से मकान में लगे चार बल्ब, पंखा, मोबाइल चार्जर और बिजली की केबिल जल गई तथा तारों से धुआं निकलने लगा। तेज धमाके से परिवार के सदस्य दहशत में आ गए।सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल ओमप्रकाश वर्मा मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेज दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

