-थप्पड़ मारकर घर में खींच ले गए, जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच।
कटरा बाजार-गोण्डा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 दलाल टोला में बुधवार सुबह दबंगों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। लकड़ी की दुकान पर जा रहे युवक मजाकलहक को चार युवकों ने बीच सड़क रोककर पहले थप्पड़ मारा, फिर घसीटते हुए घर के अंदर ले जाकर बेरहमी से पीटा। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुबह 9:30 बजे की वारदात, सीसीटीवी में कैद
पीड़ित मजाकलहक ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार सुबह 9:30 बजे अपनी लकड़ी की दुकान पर जा रहा था। तभी इंद्र बहादुर उर्फ बबलू, टेनी उर्फ रविंद्र कुमार, अंकित कुमार और पिंकू उर्फ अवधेश कुमार ने उसे रास्ते में रोक लिया। एक युवक ने पहले उसे थप्पड़ मारा, फिर चारों उसे पकड़कर मारपीट करते हुए अपने घर में खींच ले गए। घर के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपी सड़क पर पैदल जा रहे युवक को घेरते हैं। एक अन्य युवक पीड़ित के साथी को मारने के लिए दौड़ता भी दिख रहा है, हालांकि वह उसे पकड़ नहीं पाया।
थाने पहुंचे लोग, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। वारदात से नाराज बड़ी संख्या में लोग कटरा बाजार थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को वापस भेज दिया।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कटरा बाजार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब अपराधी सीसीटीवी के सामने भी बेखौफ हैं तो आम आदमी कितना सुरक्षित है? पुलिस को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर मिसाल पेश करनी होगी।
कटरा बाजार थाने के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाठक ने बताया कि आपसी कहासुनी को लेकर मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जा रही है।

