करनैलगंज-गोण्डा। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को करनैलगंज नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत व गम के माहौल के बीच ताजियों का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया। "या हुसैन-या हुसैन" की सदाओं और मातमी कलामों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए जुलूस में हिस्सा लिया।
नगर का मुख्य जुलूस बकाई चौराहा व नई बाजार से शुरू होकर गाड़ी बाजार, गुड़मंडी, गुड़ाही बाजार, बालूगंज, कसगरान चौराहा, बालकराम पुरवा, सकरौरा चौराहा और लोहिया पुल होते हुए सकरौरा स्थित कर्बला पहुंचा। भैरवनाथ पुरवा, ईदगाह पुरवा, सोनादासी पुरवा, बालूगंज, बमपुलुस मोहल्ला और कटरा रोड से निकले ताजिए भी मुख्य जुलूस में शामिल हुए। देर शाम सभी ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मुहर्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारी अभिषेक दावाच्या और प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
अंजुमन सज्जादिया कमेटी के सदर शाहिद रजा कुरैसी के नेतृत्व में यावर हुसैन मुन्ना, रफील्लाह अंसारी, डॉ. मुख्तार आजाद, हाफिज शाबिर उर्फ गुड्डू समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।

