गोण्डा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक वृद्ध महिला के घर में घुसकर तीन अज्ञात असलहाधारी बदमाशों द्वारा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही डायल-112 और छपिया पुलिस मौके पर पहुंची तथा पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छपिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उल्लहा निवासी 75 वर्षीय लीलावती सिंह, पत्नी स्वर्गीय अमर पाल सिंह, रविवार रात करीब 2:30 बजे अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान तीन अज्ञात असलहाधारी बदमाश घर में घुस आए। आरोप है कि एक बदमाश ने महिला के गले पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि अन्य दो बदमाश घर में रखे लोहे के बक्से से सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण निकालकर फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार बदमाश लगभग दो तोले की सोने की बाली, एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, चार सोने की चूड़ियां, एक सोने की बिछिया, एक सोने की नथ, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा चांदी का करधन लूट ले गए। महिला ने लूटे गए आभूषणों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई है।
बदमाशों के जाने के बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बदमाशों की तलाश का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से लगभग 400 मीटर दूर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में मोटरसाइकिल से जाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति का फुटेज मिला है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
पीड़िता लीलावती सिंह ने तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है तथा दोनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में परिवार सहित बाहर रहते हैं, जिससे वह घर पर अकेली रहती हैं।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रबोध कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही हैं। संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

