नवाबगंज-गोण्डा। नेशनल रिकवरी एजेंसी के रिकवरी एजेंट ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक पर कमीशन की राशि में हेराफेरी कर 2.45 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को प्रार्थना देकर कार्रवाई और बकाया धनराशि दिलाने की मांग की है।
क्षेत्र के बैंक शाखा से जुड़े रिकवरी एजेंट संदीप पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने देवीपाटन बैंक की नवाबगंज शाखा में करीब 80.71 लाख रुपये की रिकवरी जमा कराई थी, जिसके एवज में उन्हें कमीशन मिलना था। आरोप है कि 18 नवंबर 2025 को कमीशन का बिल बनने के बाद तत्कालीन शाखा प्रबंधक देवव्रत गुप्ता ने बैंकों के विलय का हवाला देकर भुगतान टाल दिया। उसके बाद में शाखा प्रबंधक ने बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) के माध्यम से भुगतान कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि 25 मई 2026 को बीसी के माध्यम से 2.75 लाख रुपये का भुगतान कराया गया, लेकिन तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने चेक से पूरी राशि निकलवाकर केवल 30 हजार रुपये ही दिए और शेष 2.45 लाख रुपये अपने पास रख लिए। रिकवरी एजेंट ने जिलाधिकारी सहित उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पूर्व शाख प्रबंधक के खिलाफ जांच कर धनराशि वापस दिलाने तथा बैंक नियमों के तहत् कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

