गोण्डा। रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी गोंडा की संयुक्त कार्रवाई में प्लेटफार्म संख्या दो से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करते एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ लखनऊ अरुण त्रिपाठी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ गोंडा, महेंद्र प्रसाद दुबे के निर्देशन में निरीक्षक अनिरुद्ध राय, आरपीएफ, तथा जीआरपी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में स्टाफ द्वारा संयुक्त चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो के पश्चिमी छोर पर सुनील कुमार पुत्र राजाराम सिंह, निवासी ग्राम जयसिंहपुर, थाना तुर्क वालिया, जिला मोतिहारी (बिहार) को एक ट्रैवलिंग बैग एवं एक पिट्टू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में रोका गया।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें 'रॉयल चैलेंजर व्हिस्की, मेड इन हरियाणा' ब्रांड की 24 बोतलें, प्रत्येक 750 मिली, कुल 18 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह शराब हरियाणा से लेकर मोतिहारी, बिहार बेचने के लिए ले जा रहा था, जहां इसे अधिक दाम पर बेचा जाता।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत 24,000 रुपये है। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 63 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की अग्रिम जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, बलरामपुर द्वारा की जाएगी।

