चंबल फर्टिलाइजर्स एण्ड केमिकल्स लिमिटेड द्वारा आज दिनांक 24 मार्च 2023 को ग्राम परसहवा अशोकपुर विकासखंड वजीरगंज जनपद गोंडा में एक फसल संगोष्ठी-क्राप सेमिनार आयोजित की गई । किसान गोष्ठी का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर गोंडा के प्रभारी अधिकारी डॉ. पीके मिश्रा द्वारा किया गया । उन्होंने किसानों से संतुलित उर्वरक प्रयोग करने का आह्वान किया । फसलों में मृदा परीक्षण की संस्तुति के अनुसार खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करें । भूमि में जीवांश कार्बन की मात्रा कम होने से भूमि की उर्वरा शक्ति कमजोर हो चुकी है । अन्धाधुन्ध रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से मृदा स्वास्थ्य एवं मानव का स्वास्थ्य खराब हो रहा है एवं पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है । इसे बचाने की नितान्त आवश्यकता है । संतुलित उर्वरकों के प्रयोग से खेती की लागत भी कम होगी तथा भरपूर पैदावार मिलेगी । मृदा में कार्बनिक पदार्थों की मात्रा 0.3 से 0.5% ही है जो चिंता का विषय है । जीवांश कार्बन की मात्रा बढ़ाने के लिए कार्बनिक पदार्थों का प्रयोग करना नितांत आवश्यक है । फसल अवशेष जलाने के बजाय इनका प्रबन्धन करें । फसल अवशेष के प्रबन्धन के लिए पूसा डिकम्पोजर का प्रयोग बहुत जरूरी है । पूसा डिकम्पोजर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के द्वारा विकसित है । इसकी 100 मिलीलीटर मात्रा व दो किलोग्राम गुड़ को 200 लीटर पानी में घोल बनाया जाता है तथा घोल को सुबह-शाम लकड़ी के डंडे से 2 से 3 मिनट तक चलाते हैं । 5 दिन में घोल का रंग बदलकर क्रीमी हो जाता है । इस घोल का छिड़काव फसल अवशेष पर करने पर फसल अवशेष 15 दिन में सड़कर खाद में परिवर्तित हो जाते हैं । डॉ. रामलखन सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक शस्य विज्ञान ने गन्ना की खेती में खेत की तैयारी, गन्ना की उन्नतशील प्रजातियां, खरपतवार, सिंचाई एवं उर्वरक प्रबंधन एवं फसल सुरक्षा की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि गन्ना प्रजाति सीओ 0238 में उकठा रोग की समस्या गंभीर है । इसके स्थान पर भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ के द्वारा विकसित नवीन प्रजाति कोलख 94184 की बुवाई करें । यह अगेती प्रजाति जलभराव तथा लाल सड़न रोग के प्रति सहनशील है । इस प्रजाति की उपज क्षमता 300 कुंतल प्रति एकड़ है । इसका बीज किसान भाई भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ, गन्ना विकास विभाग या चीनी मिल से प्राप्त कर सकते हैं । गन्ना की बुवाई ट्रेन्च विधि से करने पर अच्छी पैदावार मिलती है । दो पंक्तियों के बीच खाली जगह में सहफसली खेती कर किसान भाई अच्छी आय प्राप्त कर सकते हैं । ट्रेन्च विधि से बोये गए गन्ने के बीच खाली जगह में इस समय किसान भाई उर्द एवं मूंग की बुवाई कर सकते हैं । उर्द एवं मूंग की बुवाई के लिए बीज की मात्रा 10 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से प्रयोग करें । 35 किलोग्राम डीएपी प्रति एकड़ की दर से खेत की तैयारी करते समय या बुवाई करते समय प्रयोग करें । दलहनी फसलों में गंधक का प्रयोग अवश्य करें । गंधक की 10 किलोग्राम मात्रा प्रति एकड़ की दर से जरूरत होती है । दलहनी फसलों की बुवाई करने से भूमि की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होती है । दलहनी फसलें वायुमंडल में पाई जाने वाली नत्रजन का स्थिरीकरण करके पौधे को उपलब्ध कराती हैं । ब्रिजेन्द्र कुमार यादव उपप्रबंधक चंबल फर्टिलाइजर्स एण्ड केमिकल्स लिमिटेड ने कम्पनी के उत्पादों उत्तम यूरिया, उत्तम डीएपी, उत्तम एमओपी,उत्तम स्टेम्बो,उत्तम आनविक्स,उत्तम पेवटा,उत्तम सुपराइजा आदि के प्रयोग की जानकारी दी । उन्होंने जल विलय उर्वरकों एवं जैव उर्वरकों की भी जानकारी दी । सौरभ मिश्रा उत्तम ब्रांड बंधु ने कंपनी द्वारा किए जाने वाले तकनीकी कार्यों एवं कृषक हित में किये जाने वाले कार्यों की जानकारी दी । इस अवसर पर प्रगतिशील कृषकों प्रदीप पांडेय, सन्तोष पांडेय, शम्भूनाथ गोस्वामी, अमरनाथ, राजेश, श्रीमती अनीता पांडेय, श्रीमती सुमन एवं शीला आदि ने प्रतिभाग कर खेती की तकनीकी जानकारी प्राप्त की ।

No comments:
Post a Comment
कमेन्ट पालिसी
नोट-अपने वास्तविक नाम व सम्बन्धित आर्टिकल से रिलेटेड कमेन्ट ही करे। नाइस,थैक्स,अवेसम जैसे शार्ट कमेन्ट का प्रयोग न करे। कमेन्ट सेक्शन में किसी भी प्रकार का लिंक डालने की कोशिश ना करे। कमेन्ट बॉक्स में किसी भी प्रकार के अभद्र भाषा का प्रयोग न करे । यदि आप कमेन्ट पालिसी के नियमो का प्रयोग नही करेगें तो ऐसे में आपका कमेन्ट स्पैम समझ कर डिलेट कर दिया जायेगा।
अस्वीकरण ( Disclaimer )
गोण्डा न्यूज लाइव एक हिंदी समुदाय है जहाँ आप ऑनलाइन समाचार, विभिन्न लेख, इतिहास, भूगोल, गणित, विज्ञान, हिन्दी साहित्य, सामान्य ज्ञान, ज्ञान विज्ञानं, अविष्कार , धर्म, फिटनेस, नारी ब्यूटी , नारी सेहत ,स्वास्थ्य ,शिक्षा ,18 + ,कृषि ,व्यापार, ब्लॉगटिप्स, सोशल टिप्स, योग, आयुर्वेद, अमर बलिदानी , फूड रेसिपी , वाद्ययंत्र-संगीत आदि के बारे में सम्पूर्ण जानकारी केवल पाठकगणो की जानकारी और ज्ञानवर्धन के लिए दिया गया है। ऐसे में हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि आप किसी भी सलाह,उपाय , उपयोग , को आजमाने से पहले एक बार अपने विषय विशेषज्ञ से अवश्य सम्पर्क करे। विभिन्न विषयो से सम्बन्धित ब्लाग/वेबसाइट का एक मात्र उद्देश आपको आपके स्वास्थ्य सहित विभिन्न विषयो के प्रति जागरूक करना और विभिन्न विषयो से जुडी जानकारी उपलब्ध कराना है। आपके विषय विशेषज्ञ को आपके सेहत व् ज्ञान के बारे में बेहतर जानकारी होती है और उनके सलाह का कोई अन्य विकल्प नही। गोण्डा लाइव न्यूज़ किसी भी त्रुटि, चूक या मिथ्या निरूपण के लिए जिम्मेदार नहीं है। आपके द्वारा इस साइट का उपयोग यह दर्शाता है कि आप उपयोग की शर्तों से बंधे होने के लिए सहमत हैं।