रिपोर्ट-बृजभूषण गौतम
गोण्डा। इन दिनों बिजली संकट से जूझ रहे देवीपाटन जोन में करीबन 44 सौ करोड़ की बकाएदारी को लेकर एमडी मध्यांचल सूर्यपाल गंगवार गुरुवार को जिले के दौरे पर पहुंच गए । एमडी कैम्प कार्यालय में अभियंताओं के साथ बैठक करके जोन के कुल 4.64 लाख बकाएदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली की रणनीति बनाई गई। गंगवार ने कहा कि अगले 15 दिनों तक बड़े बकाएदारों के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा। वहीं जोन में चल रहे बिजली संकट को 15 अक्तूबर तक दूर कर लिया जाएगा। उनके साथ कार्पोरेशन के मुख्य अभियंता सीवी सिंह गौतम भी रहे। गंगवार ने कहा कि अभियान में कार्पोरेशन के कर्मियों के साथ मीटर रीडरों का सहयोग लिया जा रहा है। सभी अभियंताओं को बकाएदारों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित इलाके व गांवों को इससे पहले सूचित कर दिया जाएगा। जिससे वे अपने घरों पर मौजूद बिजली बिलों को सुधार करा लें। उन्होने बताया कि जोन में करीब 11 लाख उपभोक्ता हैं और इनमें साढ़े छह लाख उपभोक्ता नियमित अदायगी कर रहे हैं। बकाएदारों में सबसे अधिक ‘नेवर वाले हैं, जिन्होने कनेक्शन तो ले लिये लेकिन एक भी बिलों की अदायगी नहीं की है। इसके बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं पर भी बड़े पैमाने पर बकाया है। इसे चरणबद्ध तरीके से चिह्नित किया जा रहा है। बैठक में एसई रमेश चन्द्र, एक्सईएन वेंकट रमन, एक्सईएन रणवीर सिंह आदि रहे।

