गोण्डा। जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद में दबंग ने गांव के ही एक अधेड़ किसान की कार से कुचलकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। जिसके बाद मृतक के बेटे ने आरोपियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक के बेटे का यह भी आरोप है कि एसओ ने घटना की तहरीर बदलवाकर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है।
मामला जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र के रेतादलसिंह गांव के कौचिहा मजरे की है। जहां पर शनिवार को देर शाम चन्द्र भूषण तिवारी ने गाँव के तरुण तिवारी को अपनी निजी कार से कुचल देने का आरोप है। जिससे किसान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि परिजन शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे अखिलेश तिवारी का आरोप है कि उन्होंने स्थानीय थाने में आरोपियों के विरुद्ध हत्या की नामजद तहरीर दी थी। किन्तु एसओ ने तहरीर बदलवाकर मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि घटना के प्रत्यक्षदर्शी गांव के संजय तिवारी ने बताया कि मैं उस वक्त घटना स्थल पर मौजूद था। आरोपी पहले से वहीं गाड़ी लेकर मौजूद था। मौक़ा देखकर तेज रफ्तार से गाड़ी तरुण तिवारी के ऊपर गाड़ी चढ़ा कर भाग निकला। हत्या को दुर्घटना बनाने के लिए आगे जाकर रॉड से अपने वाहन का शीशा भी तोड़ा। मृतक के बेटे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे। स्थानीय थाने में समुचित कार्यवाही नही हुई है। थानाध्यक्ष संतोष सरोज ने बताया कि घटना के सम्बंध में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

