(वर्तिका श्रीवास्तव )
नानखताई को कुकीज का भारतीय संस्करण भी कह सकते हैं बच्चे हो या बड़े सभी को ये नानखताई खाना बहुत ज्यादा पसन्द आता है तो फिर आइये आज हम नानखताई बनाना बताते हैं। जब हमारे यहां पर ओवन या माइक्रोवेव नहीं होते थे तब भी दो थालियों के बीच में नानखताई की ट्रे रखकर ऊपर और नीचे लकड़ी के कोयले के अंगार बिछाकर नानखताई बनाया करते थे परम्परागत नानखताई सूजी, बेसन और मैदे से बनाई जाती थीं। लेकिन आज कल तो इसे अपने स्वादानुसार मैदे से, बेसन से और सूजी के बिना ही बना लेते हैं नानखताई में सूजी डालने से ये ज्यादा कुरकुरी हो जाती हैं आप कोई सी भी नानखताई अपने घर पर ही बहुत आसानी से बना सकते है। आज हम मैदा सूजी और बेसन को मिलाकर नान खताई बना रहें हैं।
नानखताई बनाने के लिए आवश्यक सामग्री-
| क्रम संख्या | नाम आवश्यक सामग्री | सामग्री मात्रा |
|---|---|---|
| 01 | मैदा | 100 ग्राम |
| 02 | बेसन | 50 ग्राम |
| 03 | सूजी | 50 ग्राम |
| 04 | चीनी | 150 ग्राम |
| 05 | घी | 150 ग्राम |
| 06 | छोटी इलाइची | 10 अदद |
| 07 | पिस्ते | 5-6 कद्दूकस किए हुए |
| 08 | नमक | ½ किलो |
| 09 | बेकिंग पाउडर | एक छोटा चम्मच |
नानखताई बनाने की विधि -
- नान खटाई बनाने के लिए किसी प्याले में मैदा निकाल लीजिए। मैदा में सूजी, बेसन डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए।
- अब एक दूसरे प्याले में देशी घी निकल लीजिए और घी में चीनी डाल कर अच्छे से मिक्स कीजिए और मिश्रण को तब तक फैंटिए जब तक की वो अच्छे से फूला हुआ और गाढा़ होकर एकसार हो जाए। मिश्रण के अच्छे से फूल जाने पर इसमें बेकिंग पाउडर और इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कर लीजिए। इस मिश्रण में मैदा सूजी और बेसन का मिश्रण जो अलग से मिक्स कर लिया था इसमें डाल दीजिए और सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स कर लीजिए।
- मिश्रण को हाथ से आटे के जैसा हल्का सा गूंथ कर तैयार कर लीजिए। यदि आपका मिश्रण सूखा सा लग रहा है तो आप इसमें 1-2 चम्मच दूध के डाल कर इसे ठीक कर सकते हैं।
- नान खटाई बनाने के लिए कुकर को गैस पर गरम होने के लिए रखें। कुकर में ½ किलो नमक डाल कर कुकर के तले पर नमक की परत बिछा दीजिए। अब इस पर एक जाली स्टैंड रख दीजिए. अब कुकर को ढक कर इसे अच्छे से गरम होने दीजिए।
- नान खटाई बनाने के लिए कोई भी ऐसी प्लेट ले लीजिए जो कुकर में आसानी से आ जाए। प्लेट को घी लगाकर चिकना कर लीजिए।
- अब नान खटाई के लिए तैयार किए मिश्रण में से थोडा़ सा मिश्रण निकाल लीजिए और हथेली की सहायता से इसे गोल आकार देकर हल्का सा चपटा कर लीजिए और इसे घी लगी प्लेट में रख दीजिए। सारी नान खटाई इसी तरह से बना कर प्लेट पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखते जाएं।
- सभी नान खटाई पर चाकू से क्रास का निशान बना दीजिए, और इस पर थोड़ा-थोड़ा पिस्ता डाल दीजिए।
- कुकर को 7-8 मिनिट तक गरम कर लिया है, कुकर अच्छे से गरम हो कर तैयार है। अब नान खटाई की प्लेट को कुकर में जाली स्टैंड पर रख दीजिए। कुकर को ढक कर मध्यम आंच पर 10 मिनिट के लिए नान खटाई को बेक होने दीजिए।
- 10 मिनिट बाद नान खटाई को चैक कीजिए। कुकर का ढक्कन खोले और चैक करें, नान खटाई फूल तो गई पर सिकी नहीं है तो इसे फिर से बंद करके 4-5 मिनिट के लिए सिकने दीजिए अब गैस की आंच को थोड़ा तेज कर दीजिए और तेज आंच पर इसे सिकने दीजिए।
- जब तक नान खटाई सिक रही है, बचे हुए मिश्रण से और नान खटाई बना कर तैयार कर लीजिए।
- नान खटाई को चैक कीजिए, नान खटाई सिक कर तैयार है यह अच्छी फूली हुई और हल्की सी ब्राउन सिक चुकी है. प्लेट को कुकर में से निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए। तब तक तैयार मिश्रण से बनाई हुई नान खटाई की दूसरी प्लेट को सिकने के लिए कुकर में रख दीजिए। नान खटाई सिकने पर इसे भी निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए।
- नान खटाई के ठंडा होने पर इसे प्लेट में निकाल लीजिए और सर्व कीजिए. नान खटाई को बेक होने में 12-15 मिनिट का समय लग जाता है। नान खटाई को पूरी तरह से ठंडा हो जाने के बाद इसे किसी भी एयर टाइट कंटेनर में भर कर रख दीजिए और पूरे 1 माह तक इसे खाते रहिए. आपको इसका स्वाद बहुत भाएगा।
आवश्यक सुझाव-
- नान खटाई बनाने के लिए आप मक्खन भी ले सकते हैं या आप रिफाइंड तेल का उपयोग भी कर सकते हैं।
- मिश्रण अगर सुखा लगे तो इसमें 1-2 चम्मच दूध डाल कर इसे ठीक कर सकते हैं।
- पिस्ते के बदले आप बादाम का उपयोग भी कर सकते हैं।
- नान खटाई को हमने मैदा सूजी और बेसन मिला कर बनाया है। आप चाहें तो इसे सिर्फ बेसन से या सिर्फ मैदा से बना सकते हैं और आप चाहें तो इस मिश्रण में जो भी चीज अधिक लेना चाहें या कम लेना चाहें ले कर तीनों को मिला कर भी बना सकते हैं।
- नान खटाई बनाने के लिए आंच मध्यम और मध्यम तेज ही होनी चाहिए। नान खटाई बनाने में आग बहुत तेज नहीं होनी चाहिए, क्योंकि आंच तेज होने पर हमारी नान खटाई जल सकती है।
- नान खटाई को मध्यम आंच पर 10 मिनिट के लिए सेकें और उसके बाद चैक ज़रुर करें, अगर नान खटाई अभी सिकी न हो तो उसके बाद आंच थोड़ी सी तेज करके इसे जितना पकाने की जरुरत है उतना सेक कर तैयार कर लीजिए।
यदि आप नानखताई बनाने के लिए दिए गये तकनीकों को सीखते हैं, तो कृपया नीचे टिप्पणी करें, या दूसरों की मदद करने के लिए इस लेख को साझा करें।

