गोण्डा। नवाबगंज पुलिस ने खेत की मेड़ को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के लौव्वाबीरपुर (पडाइनपुरवा) निवासी शीतला प्रसाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 24 जुलाई को वह अपना खेत देखने गए थे। इस दौरान विपक्षी बिना हदबंदी और पैमाइश के उनकी जमीन को अपने खेत में मिलाकर मेड़ बांध रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर कुदाल, लाठी-डंडे और भाले से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों की भी पिटाई की गई, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर थाना नवाबगंज में मुकदमा संख्या 264/2026 के तहत संबंधित धाराओं में छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान दोषी पाए गए तीन आरोपियों रामसजन यादव, पिंटू तथा नितिन को रविवार को महगूपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दूधनाथ चतुर्वेदी, हेड कांस्टेबल सौरभ सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र दुबे एवं कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

