रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में 1,710 करोड़ रुपए की 180 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने सीएम योगी के विकास कार्यों की तारीफ करते हुए कहा, 'अगर योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम नहीं होते तो मैं लखनऊ में इतना काम नहीं कर पाता। हमने तय किया है कि 'ब्रह्मोस' मिसाइल लखनऊ में बनाई जाएगी। सीएम ने अनुमान लगाया है कि इससे 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।'
राजनाथ सिंह ने सीएम योगी ने विकास का चक्का जितनी तेजी से आगे बढ़ाने का काम किया है उसकी जितनी सराहना की जाए कम है। ये सब देखते हुए भी विरोधियों के मुंह से आवाज नहीं निकलेगी। उन्होंने कहा कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य में विकास की रफ्तार तेज कर दी है। कोविड के दौरान उन्होंने खुद के संक्रमित होने के बावजूद ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन किया। उन्होंने अनाथों को आर्थिक सहायता प्रदान की। एक सहानुभूति रखने वाला मुख्यमंत्री ही ऐसा कर सकता है।

