गोण्डा लाइव न्यूज एक प्रोफेशनल वेब मीडिया है। जो समाज में घटित किसी भी घटना-दुघर्टना "✿" समसामायिक घटना"✿" राजनैतिक घटनाक्रम "✿" भ्रष्ट्राचार "✿" सामाजिक समस्या "✿" खोजी खबरे "✿" संपादकीय "✿" ब्लाग "✿" सामाजिक "✿" हास्य "✿" व्यंग "✿" लेख "✿" खेल "✿" मनोरंजन "✿" स्वास्थ्य "✿" शिक्षा एंव किसान जागरूकता सम्बन्धित लेख आदि से सम्बन्धित खबरे ही निःशुल्क प्रकाशित करती है। एवं राजनैतिक , समाजसेवी , निजी खबरे आदि जैसी खबरो का एक निश्चित शुल्क भुगतान के उपरान्त ही खबरो का प्रकाशन किया जाता है। पोर्टल हिंदी क्षेत्र के साथ-साथ विदेशों में हिंदी भाषी क्षेत्रों के लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय है और भारत में उत्तर प्रदेश गोण्डा जनपद में स्थित है। पोर्टल का फोकस राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को उठाना है और आम लोगों की आवाज बनना है जो अपने अधिकारों से वंचित हैं। यदि आप अपना नाम पत्रकारिता के क्षेत्र में देश-दुनिया में विश्व स्तर पर ख्याति स्थापित करना चाहते है। अपने अन्दर की छुपी हुई प्रतिभा को उजागर कर एक नई पहचान देना चाहते है। तो ऐसे में आप आज से ही नही बल्कि अभी से ही बनिये गोण्डा लाइव न्यूज के एक सशक्त सहयोगी। अपने आस-पास घटित होने वाले किसी भी प्रकार की घटनाक्रम पर रखे पैनी नजर। और उसे झट लिख भेजिए गोण्डा लाइव न्यूज के Email-gondalivenews@gmail.com पर या दूरभाष-8303799009 -पर सम्पर्क करें।
Showing posts with label स्थानीय. Show all posts
Showing posts with label स्थानीय. Show all posts

गोण्डा -पुलिस की मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार हुआ



गोण्डा। जनपद के छपिया थाना क्षेत्र  मे एसओजी व छपिया पुलिस की मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार हुआ है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया है। घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध गोण्डा व बस्ती जिले में 25 मुकदमें दर्ज हैं।


जानकारी के अनुसार आरोपी के पास से चोरी के आभूषण, नगदी, अवैध तमंचा, कारतूस एवं बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। थाना छपिया क्षेत्र में 25 मई की रात एक घर में घुसकर महिला एवं उसकी बहू के साथ मारपीट कर बक्से व आलमारी का ताला तोड़कर नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने और 28 जून की रात एक अन्य घर में घुसकर अकेली वृद्ध महिला को असलहे के बल पर धमकाकर उसका गला दबाते हुए सोने-चांदी के आभूषण लूटने की घटनाएं हुई थीं। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना छपिया में मुकदमा दर्ज किया गया था।


दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए टीमें लगाई गईं थीं। बुधवार देर रात थाना छपिया व एसओजी की संयुक्त टीम बिरहीपुर बाग के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध  मोटरसाइकिल से पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबन्दी कर पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में आरोपी तिलकराम उर्फ झिन्कू पुत्र परशुराम निवासी भेलखा के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सीएचसी छपिया में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उसके पास से  अंगूठी, लाकेट, करधानी, 05 जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, 12 बोर तमंचा, खोखा कारतूस 12 बोर, जिन्दा कारतूस 12 बोर, 17,100 रूपया नगद व बिना नम्बर की बाइक बरामद की गई है।

[ Read More ]»

गोण्डा-मिशन सेफ गुटर 2.0 के तहत परिवहन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

 


-3 स्कूली वाहन निरुद्ध, 12 का चालान, अनफिट व परमिट फेल वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई

गोण्डा । परिवहन विभाग द्वारा मिशन सेफ गुटर 2.0 के अंतर्गत मानक विहीन एवं नियमों का पालन न करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में विभागीय अधिकारियों द्वारा स्कूली वाहनों की सघन जांच करते हुए सुरक्षा मानकों, वाहन की फिटनेस तथा परमिट संबंधी अभिलेखों का निरीक्षण किया गया।

     जांच के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर 3 स्कूली वाहनों को निरुद्ध किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। 

      परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना तथा विद्यालयों में संचालित वाहनों को निर्धारित सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप रखना है।

परिवहन विभाग ने जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने विद्यालय से संबद्ध सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की तत्काल जांच करा लें। विशेष रूप से अनफिट अथवा परमिट फेल स्कूली वाहनों को 29 अगस्त 2026 तक हर हाल में दुरुस्त कराकर वैध कराया जाए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद यदि कोई स्कूली वाहन अनफिट अथवा परमिट फेल पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार पंजीयन निलंबन सहित वाहन को निरुद्ध करने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में समस्त उत्तरदायित्व संबंधित विद्यालय प्रबंधन का होगा।

        परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधनों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान में पूर्ण सहयोग करने तथा केवल मानकयुक्त एवं वैध स्कूली वाहनों का ही संचालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

[ Read More ]»

गोण्डा-रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन का हुआ 11 वां पद ग्रहण समारोह संपन्न

 


-अनिल मित्तल बने अध्यक्ष ,डॉ आलोक अग्रवाल ने संभाला सचिव पद 

गोण्डा। रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन का 11 वां पद ग्रहण समारोह बुधवार को लखनऊ रोड स्थित गोल्डन फेयरी रिसॉर्ट में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार मित्तल एवं नवनिर्वाचित सचि

व रोटेरियन डॉ. आलोक कुमार अग्रवाल ने पदभार ग्रहण करते हुए समाजसेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने तथा रोटरी के सेवा संकल्प को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि कीर्ति वर्धन सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री, विदेश मंत्रालय एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटेरियन डॉ. सौरभ सिंह, सहायक मंडलाध्यक्ष, जोन-15, आरआईडी 3120 तथा वर्षा सिंह, उपाध्यक्ष, एसएलबीएस डिग्री कॉलेज, गोंडा उपस्थित रहीं।मंचस्थ अतिथियों का स्वागत रोटेरियन ज्योति मित्तल, शगुन मित्तल और डाक्टर अंजू अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र से किया।

     कार्यक्रम का मंच संचालन रोटेरियन पीयूष मित्तल ने किया। स्वागत एवं सचिवीय रिपोर्ट रोटेरियन अशोक त्रिपाठी ने प्रस्तुत की और गत सत्र की कार्यों की रूपरेखा रोटेरियन चेतन अग्रवाल ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज जांच व निःशुल्क दवा वितरण शिविर, रक्तदान शिविर, पौधरोपण, ‘गिफ्ट ए प्लांट’ अभियान, डेड बॉडी चिलर बॉक्स, मोक्षवाहिनी, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन एवं सैनिटरी पैड वितरण, नेशन बिल्डर अवार्ड, हैप्पी स्कूल तथा हाइजीन किट एवं स्टेशनरी वितरण जैसे अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए गए।

नवनिर्वाचित सचिव रोटेरियन डॉ. आलोक कुमार अग्रवाल ने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि क्लब आने वाले सत्र में सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का प्रयास करेगा। उन्होंने समाज में दान की प्रवृत्ति एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।और नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार मित्तल ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि “पूरी टीम के साथ मिलकर अपने सामाजिक कार्यों से रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।” 

   विशिष्ट अतिथि रोटेरियन डॉ. सौरभ सिंह ने रोटरी के मूल्यों एवं उद्देश्यों पर चर्चा किया। वहीं सुश्री वर्षा सिंह ने कहा कि रोटरी समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्य अतिथि कीर्ति वर्धन सिंह ने रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमें अपनी जड़ों और मूल्यों से सदैव जुड़े रहना चाहिए। भारतीयता एवं अपनी सामाजिक विरासत को सुरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब हम अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे, तभी देश वास्तविक प्रगति की ओर अग्रसर होगा।

    समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान देने वाले रोटेरियन योगेंद्र अग्रवाल को 50 वर्षों से अधिक की सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब में 12 नए सदस्यों को भी शामिल किया गया। नवसदस्यों को प्रमाणपत्र एवं रोटरी पिन प्रदान कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन के सदस्यों के अलावा रोटेरियन उमेश शाह, संजू छाबड़ा, डाक्टर अंजू अग्रवाल,ज्योति मित्तल, पूजा छाबड़ा, ममता अग्रवाल,गुंजन शाह, शगुन मित्तल, अंकिता त्रिपाठी, राजीव अग्रवाल, कमल शाह, विमल शाह,अजय अग्रवाल, रामलगन सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे। रोटरी क्लब बहराइच, रोटरी क्लब बलरामपुर, रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर, रोट्रैक्ट क्लब गोंडा ग्रीन, इंटरैक्ट क्लब एसआरपीएस ग्रीन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में सहभागिता की।

    कार्यक्रम में मेधावी पांच छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई और क्षयरोगियों के उपचार एवं पौष्टिक आहार के लिए रोटरी क्लब गोण्डा ग्रीन की तरफ से कुछ धनराशि  जिला क्षय समन्वयक को प्रदान किया गया।

     कार्यक्रम विशिष्ट अतिथि  रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन के पदाधिकारी गण, सदस्यगण एवं सामाजिक संगठनों सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

[ Read More ]»

गोण्डा-भगवान शिव की भक्ति से अमर हुए मार्कण्डेय---रविशंकर जी महाराज

 


गोण्डा । सावन मास के पावन अवसर पर गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठी बार गोनार्द लॉन में श्री शिव महापुराण कथा एवं पार्वती पूजन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पीठाधीश्वर संत कथा व्यास श्री रविशंकर जी महाराज गुरुभाई के सानिध्य में बाबा बैद्यनाथ समिति एवं पंचवटी श्री सीताराम आश्रम परिवार, गोण्डा की ओर से आयोजित कथा के सप्तम एवं विश्राम दिवस पर भगवान शंकर के अनन्य भक्त चिरंजीवी मार्कण्डेय जी महाराज की कथा का श्रद्धालुओं को श्रवण कराया गया।

          रविशंकर जी महाराज ने बताया कि मार्कण्डेय जी की आयु मात्र पांच वर्ष निर्धारित थी, लेकिन भगवान शिव के प्रति उनकी अनन्य भक्ति और श्रद्धा के कारण वे चिरंजीवी हो गए। उन्होंने कहा कि “प्रणाम परिणाम बदल देता है।” महाराज जी ने मार्कण्डेय जी की कथा का उदाहरण देते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही प्रणाम और संस्कारों का महत्व सिखाना चाहिए।

       कथा के दौरान शिवरात्रि पूजन एवं व्रत की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए शिवरात्रि के चारों पहर के पूजन की विशेषता को भी समझाया गया। इसके साथ ही श्री त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग एवं घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग की कथाओं का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया।

       कथा में मुख्य यजमान के रूप में संतोष सोनी एवं आरती सोनी रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी संदीप मेहरोत्रा, वरदान मेहरोत्रा, दीपक मराठा, रवि सोनी, अमित सोनी, संजय रस्तोगी, राकेश कसौधन, शिवशंकर सोनी, सोम सोनी, देवेंद्र सोनी, गोविंदे महाराज, राहुल शर्मा, सूर्य प्रकाश सोनी, रामशंकर कसौधन, आयुष सोनी, माया सोनी, कनकलता सोनी, ममता सोनी, रंजना सोनी, आंचल सोनी, सीमा रस्तोगी, सोनिया रस्तोगी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

[ Read More ]»

गोण्डा- ईद-मिलादुन्नबी पर वृद्धाश्रम में फल वितरण, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद



गोण्डा।  ईद-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर आज गोंडा में इमरान खान, शहर उपाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में एक मानवीय पहल की गई। शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष इमरान खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय वृद्धाश्रम का दौरा किया और वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच फलों का वितरण किया।इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य त्योहार की खुशियों को समाज के हर वर्ग, विशेषकर बुजुर्गों के साथ साझा करना था। फल वितरण के दौरान इमरान खान और कार्यकर्ताओं ने बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया।इस अवसर पर शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष इमरान खान ने कहा, "पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का संदेश अमन, भाईचारे और जरूरतमंदों की सेवा का है। ईद-मिलादुन्नबी के इस मुकद्दस मौके पर हमारे बुजुर्गों के बीच आना और उनकी सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।"वृद्धाश्रम के प्रबंधकों और वहां रह रहे बुजुर्गों ने इस नेक कार्य के लिए इमरान खान का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मोहम्मद नौमान खान, मोहम्मद नासिर (बाबू), तरुण कुमार, कुर्बान अली, मोहम्मद इमरान, गुलाम नबी, असीम अंसारी (बाबू), और मोहम्मद एजाज़ आदि मौजूद रहे।

[ Read More ]»

गोण्डा-सोते समय बेटे पर चाकू-पत्थरों से जानलेवा हमला, पिता फरार



-पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात से सनसनी; गंभीर हालत में युवक लखनऊ रेफर, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

गोण्डा । खोड़ारे थाना क्षेत्र के बनकटवा बाजार गांव में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि सोते समय पिता ने अपने 22 वर्षीय बेटे तनवीर पर चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन आनन-फानन में सीएचसी बभनजोत लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों ने निजी एंबुलेंस से युवक को लखनऊ पहुंचाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

      बताया गया कि बनकटवा बाजार निवासी नसरुल्ला एलआईसी अभिकर्ता हैं। परिवार में काफी समय से विवाद चलने की बात सामने आई है। नसरुल्ला की पुत्री रेहाना खातून का आरोप है कि उनके पिता के बगल के गांव की ही एक महिला से कथित संबंध को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि इसी वजह से परिवार में तनाव बना रहता था और पिता घर के खर्च को लेकर भी परिवार से विवाद करते थे।

         परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 बजे तनवीर घर में सो रहा था। इसी दौरान उस पर कथित रूप से धारदार चाकू और पत्थरों से हमला किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी पिता कार से मौके से फरार हो गया। घायल तनवीर की हालत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

लखनऊ में जिंदगी और मौत से जूझ रहा युवक

सीएचसी बभनजोत में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल से भी हालत चिंताजनक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजनों ने तत्काल निजी एंबुलेंस से लखनऊ पहुंचाकर युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार तनवीर की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है।

बहन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

तनवीर की बहन रेहाना खातून ने आरोप लगाया कि उनके तीन भाई हैं और सबसे छोटे भाई तनवीर पर सोते समय हमला किया गया। उन्होंने आरोपी पिता के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा

खोड़ारे थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है, लेकिन अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

[ Read More ]»

गोण्डा-पूर्व हवलदार माधव राज सिंह को प्रशस्ति पत्र व चार हजार रुपये का पुरस्कार

 


गोण्डा। उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने पर पूर्व हवलदार माधव राज सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निगम के एजीएम (ऑपरेशन) लेफ्टिनेंट कर्नल एसडी बांदेकर ने प्रशस्ति पत्र जारी कर उनके कर्तव्यनिष्ठा, सत्यपरायणता और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की।

     प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि माधव राज सिंह अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी लगन, मेहनत और निष्ठा के साथ कर रहे हैं। उनसे भविष्य में भी इसी प्रकार उच्च स्तर का कर्तव्य निर्वहन करते हुए अन्य पूर्व सैनिकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने की अपेक्षा जताई गई है।

      सराहनीय कार्य के लिए उन्हें प्रशंसनीय कार्य पदक के साथ चार हजार रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई। वर्तमान में माधव राज सिंह आर्मी गार्ड के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज, गोंडा में सेवाएं दे रहे हैं।

      उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व सैनिक सूबेदार अनवर अली, पूर्व हवलदार कैफुल वारा, सत्यप्रकाश जायसवाल, अंशुमान सिंह उर्फ पुनीत सिंह, पूर्व हवलदार रामबहादुर यादव, रिटायर्ड सूबेदार बृजेश कुमार पांडेय, रिटायर्ड सूबेदार परशुराम वर्मा,रिटायर्ड हवलदार राम अधार दुबे सहित तमाम पूर्व सैनिकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

[ Read More ]»

गोण्डा-स्वस्थ आयु के लिए योग आवश्यक--योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी

 


गोण्डा। शहर के रानी बाजार स्थित राम जानकी धर्मशाला में चल रहे योग शिविर में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने उपस्थित समस्त योग साधकों को योगाभ्यास करवाया और योग से होने वाले अनंत लाभ पर प्रकाश भी डाला गया और साथ ही साथ 

बदलते मौसम में योग और खान-पान से कैसे स्वस्थ रहा जा सकता है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, एलर्जी, बुखार और थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में नियमित योगाभ्यास और संतुलित खान-पान अपनाकर शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान रखा जा सकता है।

     योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि प्रतिदिन प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन और अनुलोम-विलोम जैसे योगाभ्यास करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और मानसिक तनाव भी कम होता है। सुबह की ताजी हवा में योग करने से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है।

      साथ ही खान-पान में हरी सब्जियां, मौसमी फल, पर्याप्त पानी, नींबू, अदरक, हल्दी और पौष्टिक आहार शामिल करने की सलाह दी गई। बाहर का तला-भुना भोजन और दूषित आहार से बचने पर भी जोर दिया गया।

    शिविर के अंत में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि यदि व्यक्ति नियमित दिनचर्या, योग और संतुलित आहार को अपनाए तो बदलते मौसम में भी स्वस्थ और फिट रह सकता है।

शिविर में अमित गर्ग, सचिन अग्रवाल ,मुकेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, अरिहंत जैन,अमित अग्रवाल,विकास जैन, रिषभ,अनमोल,रचना,नीतू,मीनू, मानसी,वृंदा, साधना,रुचि,सपना,अनीता, नीलम 

मोनिका ,तेजस सहित अन्य ज़न उपस्थित रहे।

[ Read More ]»

गोण्डा-धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में 1 अभियुक्त गिरफ्तार

 


गोण्डा। थाना मोतीगंज पुलिस द्वारा बारावफात त्यौहार के दृष्टिगत क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर जुलूस एवं कार्यक्रमों की सतर्कतापूर्वक निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम बेलावाँ नाऊ पुरवा में बारावफात जुलूस के दौरान दूसरे धर्म के धार्मिक विश्वासों का अपमान करने एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आशय से भड़काऊ नारे बजाने एवं लगाने के प्रकरण में तत्काल संज्ञान लेते हुए डी0जे0 लगे वाहन को डी0जे0 सहित सीज किया गया। प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर शांति एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत 1 अभियुक्त रियाज अहमद पुत्र मो0 युनुस निवासी ग्राम बेलावाँ नाऊ पुरवा, थाना मोतीगंज, जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।

[ Read More ]»

गोण्डा-जनपद में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ




-महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

-700 से अधिक महिलाओं को वितरित की गई साड़ी एवं मिष्ठान

गोण्डा । वेंकटाचार्य क्लब, में परिवहन विभाग (रोडवेज) द्वारा आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा फ्लैग ऑफ किए जाने के सजीव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। 

       कार्यक्रम में जिलाधिकारी  प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि झंझरी आशीष मिश्रा, महिला मोर्चा पदाधिकारी बीना राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

     कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना की जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों एवं महिला सशक्तिकरण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। योजना के माध्यम से महिलाओं को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री जी के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उत्साहपूर्वक देखा गया। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इस पहल की सराहना की।

     कार्यक्रम में उपस्थित 700 से अधिक महिलाओं को सम्मान एवं उपहार स्वरूप साड़ी तथा मिष्ठान का वितरण किया गया। उपहार प्राप्त कर महिलाओं के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अन्य महिलाओं को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिला सहभागिता ने आयोजन को विशेष रूप से प्रभावी एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।

     उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं को सुविधाएं एवं सम्मान प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षित परिवहन की इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

      कार्यक्रम के दौरान एआरएम रोडवेज, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता से कार्यक्रम सफल एवं प्रभावशाली रहा।

[ Read More ]»

गोण्डा-मोतीगंज पुलिस ने 20 लीटर अवैध शराब के साथ 2 को पकड़ा

 


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में अवैध शराब निष्कर्षण/रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोतीगंज पुलिस ने 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। दिनांक 25.8.2026 को थानाध्यक्ष तेजनरायन गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्टुआ व मधूपुर सीहागांव से 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के पास से 10-10 लीटर (कुल 20 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त जगराम पुत्र पाटनदीन, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम कस्टुआ थाना मोतीगंज जिला गोंडा, रामकृपाल पुत्र भगौती, उम्र 50 वर्ष, निवासी मरीकबन सीहागांव थाना मोतीगंज गोंडा को विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय रवाना किया गया।    गिरफ्तारकर्ता टीम में चौकी प्रभारी कहोबा उपनिरीक्षक सुधीर कुमार यादव, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल ज्ञानदेव यादव, हेड कांस्टेबल कपिलदेव यादव, कांस्टेबल गंगाशरण यादव, कांस्टेबल महेश कुमार शामिल रहे।

[ Read More ]»

गोण्डा-भगवान शिव के विविध स्वरूपों के चिंतन से बरसती है उनकी कृपा --रविशंकर जी महाराज

 




गोण्डा । सावन मास के पावन अवसर पर गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठी बार गोनार्द लॉन में श्री शिव महापुराण कथा एवं पार्वती पूजन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पीठाधीश्वर संत कथा व्यास श्री रविशंकर जी महाराज गुरुभाई के सानिध्य में बाबा बैद्यनाथ समिति एवं पंचवटी श्री सीताराम आश्रम परिवार, गोण्डा की ओर से आयोजित कथा के षष्ठम दिवस पर भगवान शिव के विभिन्न अवतारों एवं स्वरूपों का विस्तार से वर्णन किया गया।

        कथा व्यास रविशंकर जी महाराज ने भगवान के अवधूत अवतार एवं किरात अवतार की कथा का श्रवण कराते हुए कहा कि भगवान शंकर के अनेक रूप और तत्व हैं। यदि उनके किसी एक स्वरूप अथवा भाव को भी मनुष्य अपने जीवन में आत्मसात कर ले, तो भगवान शंकर की अशेष कृपा उस पर बरसने लगती है।

भक्ति के स्वरूप को समझाते हुए महाराज जी ने भगवान शिव के पांच स्वरूपों-सद्योजात, तत्पुरुष, वामदेव, ईशान और अघोर का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि मानव जीवन के चार आश्रम ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ और संन्यास हैं, जबकि जीवन की चार अवस्थाएं बाल्यकाल, युवावस्था, प्रौढ़ावस्था और वृद्धावस्था मानी गई हैं।

समुद्र मंथन की कथा का वर्णन करते हुए महाराज जी ने भगवान शिव के नीलकंठ अवतार की महिमा बताई। उन्होंने श्रद्धालुओं को यह भी बताया कि भगवान शिव को जल, दूध एवं विभिन्न औषधियां क्यों अर्पित की जाती हैं। इसके साथ ही ज्योतिर्लिंगों की कथा में भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग एवं काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की महिमा का भी वर्णन किया गया।

शिव महापुराण कथा में मुख्य यजमान के रूप में संतोष सोनी एवं आरती सोनी रहे। इस अवसर पर संदीप मल्होत्रा, दीपक मराठा, रवि सोनी, अमित सोनी, संजय रस्तोगी, राकेश कसौधन, शिवशंकर सोनी, सोम सोनी, देवेंद्र सोनी, गोविंदे महाराज, राहुल शर्मा, सूर्य प्रकाश सोनी, रामशंकर कसौधन, आयुष सोनी, माया सोनी, कनकलता सोनी, ममता सोनी, रंजना सोनी, आंचल सोनी, सीमा रस्तोगी, सोनिया रस्तोगी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

[ Read More ]»

गोण्डा-रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात महिला का शव

 


-बभनजोतिया स्टेशन से 200 मीटर पश्चिम मिला शव, चेहरे और शरीर पर चोट के निशान; शिनाख्त में जुटी पुलिस

गोण्डा । मनकापुर-बस्ती रेलमार्ग पर बभनजोतिया रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर से करीब 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे की सूचना पर मौके पर पहुंची छपिया पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

      प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा दिखाई देने पर इसकी सूचना रेलवे कर्मियों को दी गई। इसके बाद छपिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

     पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। उसने सलवार और नीले रंग की कमीज पहन रखी थी। उसके शरीर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

शिनाख्त बनी पुलिस के लिए चुनौती

अज्ञात महिला की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेजने के साथ उसकी शिनाख्त कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में महिला के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंची।

     प्रभारी निरीक्षक थाना छपिया उमेश कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक के किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

       पुलिस ने आसपास के थानों और क्षेत्रों में महिला के हुलिए की जानकारी साझा कर शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

[ Read More ]»

गोण्डा-तथ्य छिपाकर बनवाया चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त, जिलाधिकारी ने की कार्रवाई

 


गोण्डा । जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने तथ्यों को छिपाकर चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्त करने के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए पवन कुमार पुत्र शिव प्रसाद, निवासी ग्राम गढ़ी, थाना मोतीगंज, जनपद गोण्डा के पक्ष में पूर्व में जारी चरित्र प्रमाण पत्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

      प्रकरण के अनुसार पवन कुमार द्वारा ठेकेदारी कार्य के लिए चरित्र प्रमाण पत्र निर्गत कराने हेतु कार्यालय में आवेदन पत्र एवं शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया था। शपथ पत्र में उनके द्वारा यह घोषणा की गई थी कि उनके विरुद्ध कहीं भी कोई आपराधिक मुकदमा पंजीकृत नहीं है। आवेदन एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा की संस्तुति के आधार पर कार्यालय द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र संख्या 209/2025 दिनांक 3 जुलाई 2025 को निर्गत किया गया था।

     बाद में अमित कुमार पुत्र बृजेश कुमार, निवासी गोण्डा द्वारा शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया गया कि पवन कुमार द्वारा अपने विरुद्ध पंजीकृत एवं लंबित आपराधिक मुकदमे की जानकारी छिपाकर चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया है। प्रकरण की जांच अपर जिलाधिकारी गोण्डा से कराई गई।

      अपर जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तुत जांच आख्या में पाया गया कि पवन कुमार उर्फ पलालू के विरुद्ध मु0अ0सं0 102/2021 में धारा 51 आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा धारा 506, 504, 188 एवं 147 भादवि के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। उक्त अभियोग में न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से सम्मन भी जारी किया गया है।

        जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि चरित्र प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने की तिथि 4 जून 2025 को उक्त प्रथम सूचना रिपोर्ट पहले से पंजीकृत थी। इसके बावजूद आवेदक द्वारा प्रस्तुत शपथ पत्र में उक्त मुकदमे का उल्लेख नहीं किया गया।

       जिलाधिकारी ने शासनादेश में निर्धारित प्राविधानों तथा प्रकरण से संबंधित समस्त अभिलेखों एवं जांच आख्या का अवलोकन करने के उपरांत पाया कि आवेदक द्वारा अपने विरुद्ध पंजीकृत मुकदमे की जानकारी छिपाकर असत्य/मिथ्यापूर्ण शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया।

      अतः जिलाधिकारी द्वारा पवन कुमार के पक्ष में निर्गत चरित्र प्रमाण पत्र संख्या 209/2025 दिनांक 3 जुलाई 2025 को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

[ Read More ]»

गोण्डा-अंधेर नगरी चौपट राजा, हाल ए सरयू नहर खंड-प्रथम



गोण्डा। मामले के सम्बन्ध में पूर्व में प्रकाशित खबर के बाद वरिष्ठ सहायक रमेश उपाध्याय को खलीलाबाद के लिए रिलीव किया गया। ज्ञात हो कि रमेश उपाध्याय को पदोन्नति करते हुए प्रमुख अभियंता ने 23 मई 2025 को कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक के पद पर गोण्डा सरयू नहर खंड प्रथम से खलीलाबाद के लिए स्थानांतरण आदेश जारी किया था। जबकि सवा वर्ष से खलीलाबाद न जाकर अधिशासी अभियन्ता सतीश कुमार से साठ गांठ करके रमेश उपाध्याय गोण्डा सरयू नहर खंड प्रथम में ही वरिष्ठ सहायक का कार्य करते रहे। संवाददाता ने जब अधिशासी अभियन्ता सतीश कुमार से दूरभाष पर बात किया तो उन्होंने बताया कि रमेश उपाध्याय का काम कोई कर नहीं सकता है और उनके जाने से पूरे विभाग का काम डिस्टर्ब हो जायेगा इसीलिए उन्हें रिलीव नहीं किया है। ये पूछने पर कि रमेश उपाध्याय की पदोन्नति हुई है ऐसे में आप उन्हें कनिष्ठ सहायक की जगह वरिष्ठ सहायक का वेतन कैसे और किस आधार पर दे सकते हैं तो सतीश कुमार ने झूठ बोला कि रमेश उपाध्याय को कनिष्ठ सहायक का ही वेतन दे रहे हैं, जबकि अंदर तक पड़ताल करने से ज्ञात हुआ कि रमेश उपाध्याय को स्थानांतरण आदेश के बाद से ही वरिष्ठ सहायक का वेतन दिया जा रहा है जो कि प्रमुख अभियंता के आदेश का उल्लंघन है और इतना ही नहीं प्रमुख अभियंता के आदेश का उल्लंघन केवल व्यवहारिक तौर पर नहीं किया गया बल्कि प्रमुख अभियंता के द्वारा जारी रमेश उपाध्याय के प्रोन्नति के साथ स्थानांतरण आदेश के पौने दो महीने बाद 17 जुलाई 2025 में अधिशासी अभियन्ता सतीश कुमार ने प्रमुख अभियंता के आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए एक लिखित आदेश जारी कर दिया। उक्त आदेश में प्रमुख अभियंता के आदेश पर अतिक्रमण करते हुए रमेश उपाध्याय को वरिष्ठ सहायक के पद पर सरयू नहर खंड प्रथम में ही चार्ज दे दिया। अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने अपने इस आदेश में स्पष्ट लिखा कि पूर्व में निर्गत किए गये आदेशों में आंशिक अतिक्रमण कर रहे हैं। इस आदेश के साथ ही प्रमुख अभियंता के आदेश में आंशिक अतिक्रमण करते हुए अपने चहेते रमेश उपाध्याय को पदोन्नति देकर अपने ही खण्ड गोण्डा में वरिष्ठ सहायक का चार्ज दे दिया, जबकि प्रमुख अभियंता के आदेश में स्पष्ट है कि आदेश निर्गत होने की तिथि से एक माह के अंदर प्रोन्नति कर्मचारी को पदस्थापित स्थान पर कार्य भार ग्रहण करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर शासन के पत्र संख्या 14/2022 सैंतालिस -क- 1-2022/13 (4)/2022 दिनांक 06-10-2022 द्वारा निर्धारित नीति के अनुसार उसकी प्रोन्नति को अस्थाई रूप से राज्यसात माने जाने के आदेश अधीक्षण अभियंता स्तर से जारी कर सूचना प्रमुख अभियंता कार्यालय को उपलब्ध कराई जाये और उसके नियंत्रक अधिकारी द्वारा किसी भी परिस्थिति में प्रोन्नति कर्मचारी को निर्धारित अवधि की समाप्ति के एक सप्ताह पूर्व प्रत्येक दशा में कार्यमुक्त कर दिया जायेगा। साथ ही आदेश में स्पष्ट है कि किसी भी परिस्थिति में उनको कार्यमुक्त न करने अथवा रोके जाने के सम्बन्ध में कोई पत्र व्यवहार नहीं किया जायेगा। बावजूद इसके अधिशासी अभियन्ता ने प्रमुख अभियंता के आदेश के खिलाफ आदेश जारी कर रमेश उपाध्याय को सवा वर्ष तक नियम विरुद्ध अपने ही खण्ड में रोक रखा जो स्पष्ट करता है कि अधिशासी अभियंता सतीश कुमार प्रमुख अभियंता पर भारी पड गये। साथ ही अधीक्षण अभियन्ता मनोज साहू ने भी या तो अधिशासी अभियन्ता सतीश कुमार के किसी प्रभाव के चलते अथवा किसी मोह के चलते प्रमुख अभियंता के आदेश का पालन नहीं करा सके।इधर रिलीव होने के बावजूद भी रमेश उपाध्याय सप्ताह में दो दिन गोण्डा सरयू नहर खंड प्रथम में दिखाई पड़ रहे हैं। अब ये छुट्टी लेकर यहां आते है अथवा अपने अधिशासी अभियंता विश्वनाथ शुक्ला को मैनेज करके यहां आते है। ये जांच का विषय है। प्रकरण पर अधिशासी अभियंता खलीलाबाद वी एन शुक्ला से बात करने की बार बार कोशिश की गई परन्तु हमेशा की तरह उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा जबकि सहायक अभियंता खलीलाबाद केएम लाल से बात करने पर उन्होंने बताया कि रमेश उपाध्याय खलीलाबाद में काम कर रहे हैं। किसी कार्यवश गोण्डा गये होंगे। इसी प्रकरण पर अधीक्षण अभियंता पंचदशम मण्डल मनोज कुमार साहू से बात करने पर उन्होंने कहा कि प्रमुख अभियंता के आदेश पर अधिशासी अभियंता किसी प्रकार का अतिक्रमण नियमानुसार नहीं कर सकते हैं।

[ Read More ]»

गोण्डा-पत्रकार पर हमले की साजिश: दबंग ने गाली गलौज कर दी जान से मारने की धमकी

 


-आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे, पुलिस मौन।

गोण्डा। जनपद के थाना परसपुर क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है। ग्राम पंचायत पूरे अजब निवासी पत्रकार ज्ञान प्रकाश चौहान पुत्र जिलेदार को गांव के ही एक दबंग द्वारा सरेआम माँ-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित पत्रकार ने थाना परसपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित पत्रकार ने थानाध्यक्ष परसपुर को शिकायती पत्र देकर बताया कि विपक्षी सोनू यादव पुत्र सुरपाल यादव, निवासी ग्राम पूरे अजब काफी समय से उससे रंजिश रखता है। पीड़ित का आरोप है कि इससे पूर्व भी सोनू यादव के विरुद्ध थाना परसपुर में दो मुकदमे गंभीर धाराओं में दर्ज हैं, लेकिन पुलिस द्वारा आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से विपक्षी का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वह अब खुलेआम धमकी दे रहा है। ताजा घटना दिनांक 23-08-2026 को दोपहर लगभग 2:00 बजे की है। जब विपक्षी ने गांव में सरेआम पत्रकार को गालियां दी और चिल्ला-चिल्ला कर कहा कि तुझे जान से मार डालूंगा, मुकदमा वापस ले ले वरना पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा। इतना ही नहीं, विपक्षी अब गांव के लोगों में दहशत फैलाने के लिए कह रहा है कि यदि ज्ञान प्रकाश के ऊपर कुछ भी हुआ तो समझ लेना मैंने ही उसे जान से मार डाला है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित पत्रकार व उसके परिवार को हर समय जानलेवा हमले का डर सता रहा है। पीड़ित ने मांग की है कि उसकी तहरीर पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर उसे सुरक्षा प्रदान की जाए। उसने कहा है कि भविष्य में उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है तो उसका जिम्मेदार उक्त विपक्षी ही होगा। इस संबंध में थाना अध्यक्ष परसपुर कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। पुराने मुकदमों की भी फाइल देखी जा रही है। इस नए मामले की जांच की जा रही है, जांचोपरांत जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

[ Read More ]»

गोण्डा-बारावफात (ईद मिलादुन्नबी) त्योहार के मद्देनजर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

 


गोण्डा। मंगलवार को धानेपुर थानाध्यक्ष विपुल पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम बारावफात (ईद मिलादुन्नबी) त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए धानेपुर कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फ्लैग मार्च किया। कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजार एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पुलिस टीम ने  भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के साथ ही ड्रोन कैमरे से कस्बे एवं आसपास के इलाकों की निगरानी की गई।

[ Read More ]»

गोण्डा-पैतृक भूमि पर कब्जे का आरोप, दीवार तोड़कर ईंटें ले जाने और हरे पेड़ काटने की शिकायत



गोण्डा। थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम भदैंया निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र कृपाराम ने प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार को शिकायती पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा करने, दीवार तोड़कर ईंटें उठा ले जाने, शीशम की सूखी लकड़ी चोरी करने तथा प्रतिबंधित हरे पेड़ काटने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

    शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे अपने पूर्वजों से पैतृक भूमि प्राप्त हुई है। जिस पर करीब पांच फीट ऊची ईंटों की दीवार बनी हुई थी और परिवार का लंबे समय से वहां रहन-सहन एवं उपयोग करता चला आ रहा है। आरोप है कि गांव के ही रवीन्द्र कुमार, नन्दकुमार, दिनेश कुमार व लल्लू पुत्रगण रामसूरत, राहुल व हाकिम पुत्रगण नन्दकुमार, अंकित पुत्र बाल गोविन्द तथा अंकुर पुत्र रवीन्द्र कुमार ने कथित रूप से दबंगई और जबरदस्ती के बल पर उसकी दीवार तोड़ दी और उसमें लगी ईंटें निकालकर चोरी से उठा ले गए। आरोप है कि कुछ शीशम की सूखी लकड़ी भी ले जाई गई है। पीड़ित का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी उसकी पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा करने तथा उसे गांव से उजाड़ने की योजना बना रहे हैं। इससे परिवार को किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि 22/23 अगस्त की रात विपक्षी पक्ष द्वारा उसकी भूमि में लगे दो नीम के पेड़, एक गूलर और एक जामुन के हरे पेड़ को काटकर गिरा दिया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, काटे गए पेड़ों को मौके से ले जाने का प्रयास भी किया जा रहा है। सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उक्त भूमि को लेकर सिविल न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है। इसके बावजूद कथित रूप से दबाव बनाकर भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित ने थाना कटरा बाजार प्रभारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, मौके की जांच कराने तथा सुरक्षा एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

[ Read More ]»

गोण्डा-चार साल से अनवरत आस्था की दौड़: कर्नलगंज से दुखहरणनाथ धाम पहुंची डाक कांवड़

 


-सरयू जल लेकर दौड़े शिवभक्त, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजा मार्ग; जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

गोण्डा। श्रावण मास के पावन अवसर पर कर्नलगंज से सरयू जल लेकर प्रसिद्ध श्री दुखहरणनाथ मंदिर तक निकली डाक कांवड़ यात्रा लगातार चौथे वर्ष श्रद्धा, उत्साह और समर्पण के साथ संपन्न हुई। वर्ष 2023 में शुरू हुआ यह सिलसिला 2026 में चौथे वर्ष भी पूरी आस्था के साथ जारी रहा। सरयू के पवित्र जल को लेकर शिवभक्तों का दल बिना रुके लगातार दौड़ते और चलते हुए बाबा दुखहरणनाथ के दरबार पहुंचा और विधिवत जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा रास्ता

कर्नलगंज के पवित्र कटरा घाट स्थित सरयू नदी से जल लेकर निकले कांवड़ियों के कदम जैसे-जैसे बाबा दुखहरणनाथ धाम की ओर बढ़े, पूरा मार्ग ‘बम-बम भोले’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयघोष से गूंज उठा। कठिन और लंबी यात्रा के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्ति और समर्पण से सराबोर कांवड़ियों ने निर्धारित यात्रा पूरी कर बाबा के चरणों में सरयू जल अर्पित किया। 

2023 में शुरू हुआ सिलसिला, चौथे साल भी कायम रही परंपरा

डाक कांवड़ यात्रा का यह सिलसिला वर्ष 2023 में शुरू हुआ था। लगातार चार वर्षों से श्रद्धालु सरयू नदी से जल लेकर बाबा दुखहरणनाथ मंदिर तक पहुंच रहे हैं। हर वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ता जा रहा है। इस बार भी यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना दिया। यात्रा में प्रमुख रुप से आदर्श मौर्य, प्रिंस, दीपक, मुंशीलाल, अमन, मोहित, पुष्पेंद्र, नीरज, अरुण, राम आशीष, शोभित, रोहित, रामू, उदित, आदित्य, रमन, जीतू, हार्दिक, आशीष, हिमांशु, हरिओम, दिलीप, सचिन, शिवजी, अनुभव और नैतिक समेत अन्य शिवभक्त शामिल रहे। डाक कांवड़ियों के रास्ते में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। लोगों ने शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाया और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय कर दिया। मंदिर पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने अनुशासन के साथ बाबा दुखहरणनाथ का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूर्ण की।

[ Read More ]»

गोण्डा-तड़फ रहे घायल पशु का 1962 टीम ने किया सफल इलाज

 


-डॉक्टर जय कृष्ण पांडेय की निरंतर उपलब्धता पशुओं को दे रही बेहतर इलाज क्षेत्र में हो रही प्रशंसा 

गोण्डा। विकास खंड छपिया के रतनपुर गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हुए एक पशु का समय पर उपचार कर 1962 पशु चिकित्सा सेवा की टीम ने उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पशु के शरीर पर काफी बड़ा और गंभीर घाव था, जिससे पशुपालक चंद्रशेखर चिंतित थे। उन्होंने तत्काल 1962 टीम से संपर्क कर पशु के उपचार की मदद मांगी। तो सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय कृष्ण पांडेय के नेतृत्व में 1962 टीम पशुपालक के घर पहुंची और घायल पशु का चिकित्सकीय परीक्षण किया। गंभीर घाव को देखते हुए टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। इसके बाद पशु की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमित रूप से उपचार किया गया।1962 टीम की तत्परता और डॉ. जय कृष्ण पांडेय की टीम के लगातार उपचार से पशु की हालत में तेजी से सुधार हुआ। उपचार के बाद अब पशु खतरे से बाहर बताया जा रहा है और उसकी स्थिति स्थिर है।पशुपालक चंद्रशेखर ने 1962 पशु चिकित्सा सेवा की टीम और डॉ. जय कृष्ण पांडेय के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा बताया कि कई बार बेसहारा छुट्टा पशुओ के लिए 1962 संकट के समय में प्राण दायनी बन जाती है और डॉक्टर की उपलब्धता से बेहतर इलाज मिल जाता है। उन्होंने कहा कि समय पर टीम के पहुंचने और लगातार उपचार किए जाने से घायल पशु को नया जीवन मिला।ग्रामीण क्षेत्र में घायल और बीमार पशुओं के लिए 1962 की त्वरित पशु चिकित्सा सेवा की इस पहल को पशुपालकों के लिए काफी उपयोगी बताया जा रहा है। घटना ने यह भी साबित किया कि आपात स्थिति में समय पर सूचना मिलने पर 1962 टीम पशुओं के उपचार में प्रभावी भूमिका निभा रही है।

[ Read More ]»
”go"