गोण्डा। विद्युत उपकेंद्र करनैलगंज के अंतर्गत सीसामऊ के पाठक पुरवा गांव में ट्रांसफार्मर से विद्युत लाइन बाधित होने के कारण 23 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप है। उमस भरी गर्मी में पूरी रात बिजली न आने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव निवासी वीरेंद्र विक्रम तिवारी, अनूप, अंकित आदि ने बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक समस्या की जानकारी देने के लिए जेई और पावर हाउस पर कई बार फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बावजूद करीब 23 घंटे बीत जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर की लाइन शीघ्र दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
विद्युत उपखंड अधिकारी आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। विद्युत आपूर्ति बहाल कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

