कर्नलगंज-गोण्डा। तहसील व विकासखंड कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुंडेरवा से खालेपुरवा को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर गहरे गड्ढे और कीचड़ होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात में चलना दुश्वार
यह मार्ग गांव को सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी राशन की दुकान सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़ता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है।
कई बार शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क की बदहाली से अवगत कराया है। लेकिन अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति असंतोष है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान श्रीमती कुसुम रानी से भी सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग की मरम्मत से आवागमन सुगम होगा और उन्हें राशन सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी न हो।

