गोण्डा। विद्युत उपकेंद्र राजापुर परसौरा, विद्युत वितरण उपखंड मनकापुर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली की अनियमितता और कर्मचारियों की मनमानी को लेकर अवर अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। उपभोक्ताओं ने जनहित में 4 प्रमुख मांगें उठाई हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने रात्रीकालीन कटौती तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की।
उपभोक्ताओं ने मांग की कि उपकेंद्र पर कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर तथा कार्यक्षेत्र की जानकारी उपकेंद्र परिसर में वाल पेंटिंग के माध्यम से सार्वजनिक की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समस्या होने पर सीधे संपर्क हो सके। ज्ञापन में कहा गया कि मीटर रीडरों द्वारा मीटर रीडिंग में मनमानी और अवैध/फर्जी वसूली की शिकायतें मिल रही हैं। इस पर रोक लगाई जाए और प्रत्येक मीटर रीडर का कार्यक्षेत्र सार्वजनिक किया जाए। उपभोक्ताओं ने मांग की कि उपकेंद्र पर पिछले तीन वर्षों से कार्यरत ऐसे अधिकारियों/कर्मचारियों का स्थानांतरण नियमावली के अंतर्गत तत्काल अन्य उपकेंद्रों पर किया जाए।ज्ञापन देने वालों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं को निरंतर परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने अवर अभियंता से मांग की है कि उपरोक्त बिंदुओं पर तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

