गोण्डा। करनैलगंज तहसील क्षेत्र के धनावा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का जर्जर भवन और अव्यवस्थाएं मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। मौर्य नगर निवासी आदित्य शील द्वारा भेजी गई नागरिक रिपोर्ट में अस्पताल परिसर की बदहाल स्थिति उजागर की गई है। बताया गया कि अस्पताल में चिकित्सक और कर्मचारी नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी स्वास्थ्य सेवाओं पर असर डाल रही है।
रिपोर्ट के अनुसार परिसर में छह भवन हैं, जिनमें केवल एक का नियमित उपयोग हो रहा है, जबकि अन्य भवन जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। कई इमारतों की दीवारों और छतों पर पेड़ उग आए हैं तथा एक भवन की नींव वर्षों से अधूरी पड़ी है। कोविड-19 के दौरान बना छह बेड का वार्ड भी आज तक उपयोग में नहीं आ सका और झाड़ियों से घिर गया है।
टूटी चारदीवारी के कारण परिसर में आवारा पशु घूमते हैं, गंदगी और जलभराव की समस्या बनी रहती है। मरीजों के लिए सार्वजनिक शौचालय नहीं है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुज ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति से विभाग को अवगत कराया जा चुका है।

