करनैलगंज-गोण्डा। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन द्वारा बिना किसी सार्वजनिक अधिसूचना के घरेलू उपभोक्ताओं का एक किलोवाट विद्युत भार बढ़ाकर दो किलोवाट किए जाने के विरोध में सोमवार को नगर पालिका परिषद करनैलगंज के सभासद एकजुट हो गए। सभासदों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ऊर्जा मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बलराम को सौंपकर इस व्यवस्था को तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में कोई अधिसूचना या सार्वजनिक सूचना जारी नहीं की गई, फिर भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ा दिया गया है। इससे गरीब, मजदूर, रेहड़ी-पटरी संचालक, छोटे दुकानदार, किरायेदार, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी तथा सीमित आय वाले परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सभासदों का आरोप है कि भार बढ़ने से बिजली बिलों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक घर में विद्युत मीटर लगा हुआ है और वास्तविक खपत के आधार पर बिल वसूला जाता है, तब बिना सूचना विद्युत भार बढ़ाने का औचित्य समझ से परे है। ज्ञापन में मांग की गई कि यदि यह निर्णय किसी वैधानिक अधिसूचना के बिना लागू किया गया है तो इसे तत्काल वापस लेते हुए उपभोक्ताओं का भार पुनः एक किलोवाट किया जाए। साथ ही बताया गया कि इस संबंध में उपभोक्ता परिषद में भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। ज्ञापन पर सभासद सुमन गुप्ता, सरोज, रुकसाना, जमील अहमद, अजय कुमार, अंकुर मौर्य, रुकैया, मुख्तार अब्बासी, महताब बानो, मोहम्मद साजिद सिद्दीकी सहित उपभोक्ता अनिल गुप्ता, नीरज, उजैर, रामकृपाल, मोहम्मद असलम, गिरधारी, ओमप्रकाश, राधा गौतम समेत कई लोगों के हस्ताक्षर एवं मुहरें अंकित हैं।

