गोण्डा। करनैलगंज नगर में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की ऐतिहासिक एवं भव्य रथयात्रा गुरुवार को पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम 4:30 बजे नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रह आकर्षक ढंग से सजे रथों पर विराजमान होकर शोभायात्रा में शामिल होंगे। रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पौराणिक सकरौरा घाट पहुंचेगी, जहां महाआरती, पूजन-अर्चन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके बाद सभी विग्रह पुनः अपने-अपने मंदिरों में स्थापित किए जाएंगे। रथयात्रा में ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है। आदिशक्ति भवानी माता मंदिर, राम जानकी मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर सहित कई प्रमुख मंदिरों से निकलने वाली यह रथयात्रा नगरवासियों के सहयोग से वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा का प्रतीक है।

