गोण्डा। थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा मोटरसाईकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए शातिर चोर अवधेश कुमार कुलदीप उर्फ सन्टी को चांदमारी घोसियाना से गिरफ्तार कर उसके कब्जे व निशान देही से चोरी की 3 अदद मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक वादी संदीप मिश्रा पुत्र शत्रुघ्न मिश्रा, निवासी ग्राम मवई, थाना छपिया, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी गई कि दिनांक 17.7.2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल गोण्डा ड्यूटी करने आए थे। अपनी मोटरसाइकिल जिला अस्पताल की इमरजेंसी के सामने खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए। दिनांक 18.7.2026 को प्रातः लगभग 6ः00 बजे वापस आने पर उनकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन करने के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चल सका। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें आज बुधवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए अवधेश कुमार कुलदीप उर्फ सन्टी पुत्र मुन्नालाल कुलदीप, निवासी ग्राम पोर्टरगंज, पोस्ट पथवलिया, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा को चांदमारी घोसियाना से गिरफ्तार कर उसके कब्जे व निशान देही से चोरी की 3 मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय रवाना किया गया।

