गोण्डा. जनपद के थाना परसपुर अन्तर्गत पसका बाजार निवासी एक बुजुर्ग ने शुक्रवार सुबह सरयू नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों और मछुआरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह पसका बाजार निवासी बनवारी गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी कि उनके मामा राजेंद्र गुप्ता (62) पुत्र बच्चूलाल की गुरुवार रात तबीयत कुछ खराब थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह टहलने के लिए पसका घाट की ओर गए थे, जहां उन्होंने सरयू नदी में छलांग लगा दी। सुबह नदी के पास स्नान करने वालों ने जब देखा तब सबको जानकारी हुई।
सूचना मिलते ही चौकी पसका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों व गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू कराई। साथ ही जल पुलिस और एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों की सहायता से शव को नदी से बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

