कर्नलगंज-गोण्डा । तहसील कर्नलगंज क्षेत्र के मौजा कादीपुर में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। कादीपुर निवासी आशीष कुमार सिंह ने जनसुनवाई में उपजिलाधिकारी कर्नलगंज को संबोधित प्रार्थना पत्र देकर तत्काल अवैध कब्जे को रोकने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आशीष कुमार सिंह ने जनसुनवाई में 18 जून 2026 को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मौजा कादीपुर स्थित गाटा संख्या 59 की तालाब की भूमि पर अकबाल बहादुर सिंह पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह व सुधीर सिंह पुत्र अकबाल बहादुर सिंह सहित अन्य लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विपक्षीगण गिरोहबंद होकर तालाब की प्रकृति बदलने का प्रयास कर रहे हैं। प्रार्थना पत्र में आशीष कुमार सिंह ने कहा कि यदि समय रहते अवैध कब्जा नहीं रोका गया तो तालाब की नवैयत बदल जाएगी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, कानूनगो और पुलिस बल को मौके पर भेजकर अवैध कब्जा रुकवाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर विपक्षीगण जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और कभी भी जानलेवा हमला कर सकते हैं, जिससे उनके जानमाल को गंभीर खतरा बना हुआ है। आशीष कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध कब्जा तुरंत रोकवाकर विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। मामले में प्रभारी अधिकारी ने राजस्व निरीक्षक/लेखपाल को तालाब की भूमि की नाप कराकर नियमानुसार अतिक्रमण मुक्त कराने को निर्देशित किया है।

